CJP प्रदर्शन के दौरान महिला की फोटो से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR

KNEWS DESK- जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान एक महिला की तस्वीर के साथ कथित तौर पर AI और फेस-स्वैप तकनीक के जरिए छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला का आरोप है कि उसकी निजी तस्वीर को उसकी सहमति के बिना AI तकनीक की मदद से मॉर्फ किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ गलत तरीके से सुपरइम्पोज किया गया। इसके बाद कथित मॉर्फ तस्वीर को बड़े बैनर और पोस्टरों पर लगाकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में इस्तेमाल किया गया।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसकी तस्वीर से छेड़छाड़ कर बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया गया। महिला का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने तस्वीर को लेकर अभद्र नारे लगाए और उसे धमकाने के साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जिससे उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।

महिला की ओर से CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और सौरभ दास समेत कई लोगों के खिलाफ शिकायत की गई थी। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस की FIR में दिपके या सौरभ दास को आरोपी के तौर पर नामित नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।

यह मामला जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए NEET और अन्य परीक्षाओं के कथित पेपर लीक विवाद से जुड़े प्रदर्शन के दौरान का बताया जा रहा है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प और लाठीचार्ज की घटनाएं भी सामने आई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *