CJP प्रमुख ने छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल, कहा- 25 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक से बातचीत क्यों नहीं हुई
Knews Desk- कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक की जारी भूख हड़ताल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कई सवाल किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार से छात्रों के प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की भूमिका को लेकर जवाब मांगा है।
अभिजीत दीपके ने कहा कि सोनम वांगचुक पिछले 25 दिनों से अनशन पर हैं, लेकिन अब तक प्रधानमंत्री की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार की ओर से वांगचुक से बातचीत कर इस विवाद का समाधान निकालने की कोशिश क्यों नहीं की गई।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि राजनीति सिर्फ चुनावी प्रचार और सत्ता हासिल करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही निभाना भी सरकार की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि देश को बताया जाना चाहिए कि इतने लंबे समय से चल रहे आंदोलन को खत्म कराने के लिए बातचीत की पहल क्यों नहीं की गई।
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर भी उठाए सवाल
CJP प्रमुख ने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस का रवैया सख्त रहा और बल प्रयोग किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार क्यों नहीं किया जा रहा और आंदोलनकारियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया।
धर्मेंद्र प्रधान को लेकर सरकार से मांगा जवाब
अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर लगातार सवाल उठने के बावजूद धर्मेंद्र प्रधान सरकार के लिए इतने अहम क्यों बने हुए हैं।
गौरतलब है कि CJP एग्जाम सिस्टम में सुधार और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी मांग के समर्थन में सोनम वांगचुक लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं।