2027 में पिंडरा से चुनाव लड़ेंगे अजय राय, ‘पंचायत आजतक’ में किया बड़ा ऐलान

KNews Desk: मथुरा में आयोजित ‘पंचायत आजतक’ कार्यक्रम के ‘यूपी से निकलेगा विपक्ष का रास्ता’ सत्र में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वह पिंडरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस की तैयारियों और उत्तर प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी खुलकर अपनी राय रखी।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस संघर्ष और क्रांतिकारियों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में युवाओं, किसानों और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार के विरुद्ध अगर कोई मजबूती से आवाज उठा रहा है, तो वह राहुल गांधी हैं। उन्होंने दावा किया कि गाजीपुर से गाजियाबाद तक हर जगह कांग्रेस संघर्ष करती नजर आ रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां भी जनता के साथ अन्याय या अत्याचार हुआ है, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर लोगों की आवाज बने हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। इसी दौरान उन्होंने अपने चुनाव लड़ने की स्थिति भी स्पष्ट करते हुए पिंडरा विधानसभा सीट से 2027 का चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

अजय राय के इस ऐलान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ‘पंचायत आजतक’ के मंच से उन्होंने कांग्रेस की भूमिका, राहुल गांधी के नेतृत्व और प्रदेश में पार्टी के संघर्ष को लेकर अपना पक्ष रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *