‘15 साल में 6700 कंपनियां बंद’… नितिन नवीन का TMC पर हमला

Knews Desk – भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कोलकाता में आयोजित ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था, युवाओं के रोजगार और निवेश को लेकर अपनी बात रखी। नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि 15 साल के तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान पश्चिम बंगाल में करीब 6,700 कंपनियां बंद हो गईं और इस दौरान पूंजी का पलायन हुआ।

नितिन नवीन ने कहा, “15 साल के तृणमूल कांग्रेस राज में पश्चिम बंगाल में करीब 6,700 कंपनियां बंद हो गईं… इस दौरान पूंजी का पलायन हुआ। राज्य में भाजपा सरकार की प्राथमिकता निवेश लाने के लिए माहौल बनाना होगी।”

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर फोकस करेगी। नितिन नवीन ने दावा किया कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में “एक नई सुबह आई”, जब भाजपा ने विधानसभा चुनाव में टीएमसी को हराया और अब युवाओं की उम्मीदें पूरी होंगी।

मेहनत और कंसिस्टेंसी पर जोर

नितिन नवीन ने युवाओं से जिंदगी में शॉर्टकट से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए मेहनत और निरंतरता जरूरी है। उन्होंने कहा, “मैं सभी युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे जिंदगी में शॉर्टकट न अपनाएं। जिंदगी कोई 100 मीटर की रेस नहीं है, बल्कि एक लंबी दौड़ है जहां स्टैमिना और कंसिस्टेंसी का टेस्ट होगा।”

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल एक नए तरीके से उभर रहा है और राज्य में नई सुबह आ रही है। उनके मुताबिक, स्पोर्ट्स और आर्ट्स के क्षेत्र में भी नए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही खेल प्रेमी रहे हैं और खेल पश्चिम बंगाल के DNA में है।

नई एजुकेशन पॉलिसी का किया जिक्र

नितिन नवीन ने कहा कि नई एजुकेशन पॉलिसी पश्चिम बंगाल बेस्ड होगी। उन्होंने कहा कि वोकेशनल और एडिशनल कोर्स मार्किंग के साथ शुरू किए जाएंगे, ताकि लोगों की दिलचस्पी बढ़े और युवाओं को नए अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि आज की जेनरेशन सोशल मीडिया को जानती है, लेकिन सोशल मीडिया की नेगेटिविटी को समझना भी जरूरी है। नितिन नवीन ने युवाओं से नेगेटिविटी को अपनी नजर और दिमाग से दूर रखने की अपील की।

‘यूथ जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर हैं’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब बिहार के लोग नौकरी के लिए पश्चिम बंगाल आते थे। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल अपनी पुरानी शान वापस पा लेगा।

नितिन नवीन ने कहा, “आज के यूथ जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर हैं।” उन्होंने कहा कि राज्य में क्लब हाउस का रिवाज बढ़ेगा और बेहतर होगा।

पश्चिम बंगाल के अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन गंगासागर पहुंचे। वहां उन्होंने पवित्र डुबकी लगाई और गंगा की पूजा करने के बाद कपिल मुनि के आश्रम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *