स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के A-2 कोच में घुसा सांप, दहशत में यात्रियों ने बदली बोगी

जयनगर से नई दिल्ली जा रही 12561 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के A-2 एसी कोच में सांप मिलने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर करीब एक घंटे की तलाशी के बाद भी सांप नहीं मिला, जिसके बाद रेलवे ने पूरा A-2 कोच बदल दिया।

Knews Desk- शनिवार रात ट्रेन के मुजफ्फरपुर पहुंचने से पहले यात्रियों ने A-2 कोच में सीट के नीचे सांप को रेंगते देखा। सांप दिखाई देते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग अपनी सीट छोड़कर कोच के दूसरे हिस्से में चले गए। बच्चों और परिवारों के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों में डर का माहौल बन गया। यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन 139 और आपातकालीन नंबर 112 पर शिकायत की। एक यात्री ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया।

रात करीब 9:35 बजे ट्रेन मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची तो RPF, GRP और कैरेज एंड वैगन विभाग की टीमें तुरंत A-2 कोच में पहुंचीं। सुरक्षा के लिए सभी यात्रियों को सामान समेत नीचे उतारा गया। इसके बाद बर्थ के नीचे, कोच के कोनों, गैप्स और पैनलों में करीब एक घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, काफी तलाश के बावजूद सांप का कोई पता नहीं चला। आशंका जताई गई कि सांप किसी अंदरूनी गैप या वायरिंग पैनल में छिपा हो सकता है।

तलाशी के बाद भी सांप नहीं मिलने पर यात्रियों ने उसी कोच में आगे सफर करने से इनकार कर दिया। यात्रियों का कहना था कि छोटे बच्चों के साथ उस बोगी में सफर करना सुरक्षित नहीं है। यात्रियों के विरोध और सुरक्षा को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने A-2 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया।

रेलवे ने प्रभावित A-2 कोच की जगह दूसरा एसी कोच लगाया और उसमें सभी 70 यात्रियों को शिफ्ट किया। इसके बाद ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। इस घटना के बाद ट्रेन की सफाई, रखरखाव और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सांप यार्ड से कोच में आया था या किसी स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के दौरान अंदर घुसा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *