जंतर-मंतर पर महिला पत्रकार से बदसलूकी के आरोप, राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल

जंतर-मंतर पर महिला पत्रकार द्वारा एक पुलिस अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाए जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाए हैं।

Knews Desk- राहुल गांधी ने कहा कि जंतर-मंतर पर सैकड़ों पत्रकार घंटों से इस मांग को लेकर बैठे हैं कि महिला पत्रकार की शिकायत पर FIR दर्ज की जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि FIR दर्ज करना पुलिस का बुनियादी काम है, लेकिन वह भी नहीं किया गया।

राहुल गांधी ने दावा किया कि इसी दिन जंतर-मंतर पर सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी के आरोपों का भी जिक्र किया। राहुल ने कहा कि कैमरे छीने गए और पत्रकारों को घसीटा गया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली पुलिस पर महिलाओं के साथ बदसलूकी के आरोप लगे हों। राहुल गांधी ने कहा कि इससे पहले भी वीडियो सबूतों के जरिए पुलिस अधिकारियों पर महिलाओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप सामने आए हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली की महिलाएं और छात्राएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और सत्याग्रह कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पुलिस की जिम्मेदारी महिलाओं की सुरक्षा करना है, अगर उसी पर महिलाओं के साथ हाथ उठाने के आरोप लग रहे हैं तो सरकार क्या कर रही है।

उन्होंने कहा कि एक महिला की शिकायत दर्ज करने से जो सरकार डरती है, वह आखिर किसकी हिफाजत कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है और गृह मंत्री अमित शाह को इसका जवाब देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *