पीएम मोदी के जन्मदिन पर घर-घर जलाया जाएगा ‘आशीर्वाद का दीया’, नितिन नबीन की अपील

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी इस बार खास तरीके से मनाने की तैयारी कर रही है। इसी क्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने देशवासियों से 17 सितंबर को घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना के लिए सभी लोग शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में दीपक जलाएं।

नितिन नबीन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर यह अपील की। उन्होंने कहा कि जनसेवा के माध्यम से राष्ट्रसेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन का मूल उद्देश्य रहा है। सरकार के प्रमुख के रूप में उनकी 25 वर्षों की यात्रा जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को समर्पित रही है।

बीजेपी अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मोदी सरकार ने कई नई नीतियां और योजनाएं शुरू कीं, जिनसे आम लोगों के जीवन में बदलाव आया। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान किए गए प्रयासों और टीकाकरण अभियान का भी उल्लेख किया। नबीन के मुताबिक, कोविड काल में प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने देशवासियों को चुनौतियों से लड़ने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ने का भरोसा दिया।

उन्होंने स्टार्टअप योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन और ‘लखपति दीदी’ पहल का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने में मदद मिली है। आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर नबीन ने दावा किया कि सरकार नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रही है। नितिन नबीन ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *