Knews Desk- अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंशुल मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले थे और पढ़ाई के साथ-साथ फिलाडेल्फिया में पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब अंशुल एक पिज्जा डिलीवरी पूरी कर वापस लौट रहे थे। परिजनों का कहना है कि डिलीवरी के कुछ ही देर बाद उन पर कई राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने के बाद अंशुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। बाद में पुलिस को वह एक खाली मकान के बाहर खून से लथपथ हालत में मिले।
पुलिस ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे क्या वजह थी और इसमें कितने लोग शामिल थे।
इस घटना से अंशुल के परिवार और भारतीय समुदाय में शोक की लहर है। न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (Consulate General of India) ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा है कि वह पीड़ित परिवार के लगातार संपर्क में है और हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।
साथ ही अंशुल के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। इस बीच पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर चुकी है।