Mann Ki Baat: नशामुक्त युवा से स्वच्छ भारत तक, मन की बात में PM मोदी ने इन मुद्दों पर की चर्चा

KNews Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक बदलावों और लोगों की पहल का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ ऐसा मंच है, जहां देशवासियों के नए और प्रेरक विचारों को सामने लाने का अवसर मिलता है।

BHARATRAJYA वेबसाइट का किया जिक्र

पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्णा नाम के युवक के प्रयास की सराहना की। उन्होंने BHARATRAJYA.com नाम की वेबसाइट का जिक्र करते हुए बताया कि इसके जरिए लोग इतिहास से जुड़ी जानकारी आसानी से हासिल कर सकते हैं। वेबसाइट पर किसी भी वर्ष को चुनने के बाद यह पता लगाया जा सकता है कि उस समय भारत के किस हिस्से पर किसका शासन था। प्रधानमंत्री ने इस पहल को इतिहास को रोचक तरीके से समझने का प्रयास बताया।

नशामुक्त भारत अभियान पर जोर

प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ रही है और इसका लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रखना है। पीएम मोदी ने इसे Drug Free India के लक्ष्य से जोड़ते हुए युवाओं से इस अभियान में भागीदारी की अपील की।

PM स्वनिधि से महिलाओं को मिली ताकत

पीएम मोदी ने PM स्वनिधि योजना के जरिए महिला सशक्तिकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता के इस पहलू की और अधिक चर्चा होनी चाहिए।

रामपुर के युवाओं की सफाई मुहिम

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के रामपुर के पटवाई गांव के आकाश और रोहन की पहल की भी सराहना की। दोनों युवाओं ने अपने इलाके में गंदगी देखकर सफाई अभियान शुरू किया। धीरे-धीरे अन्य युवा भी उनके साथ जुड़ गए और ‘क्लीन-अप पटवाई’ टीम बन गई। पीएम मोदी के मुताबिक, टीम अब तक चार गंगा घाटों की सफाई कर चुकी है और एक टन से ज्यादा प्लास्टिक कचरा हटा चुकी है।

उन्होंने अमरनाथ यात्रा के दौरान चलाए गए स्वच्छता अभियान का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने बताया कि यात्रा के दौरान 400 मीट्रिक टन से ज्यादा कचरे को कलेक्ट और प्रोसेस किया गया, जबकि 16 हजार से ज्यादा यात्रियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया।

नागालैंड की वेसालु पुरो की कहानी

पीएम मोदी ने नागालैंड के फेक जिले की वेसालु पुरो की कहानी भी साझा की। किसान परिवार में पली-बढ़ीं वेसालु को बचपन से फूलों का शौक था। उन्होंने 2021 में छोटे स्तर पर फूलों की खेती शुरू की और धीरे-धीरे इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया। प्रधानमंत्री ने इसे शौक से अवसर पैदा करने की प्रेरक कहानी बताया।

त्योहारों पर ‘वोकल फॉर लोकल’ की अपील

त्योहारों के नजदीक आने का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा पूजा और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान स्थानीय कारीगरों और उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए। इससे स्थानीय कारोबार और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *