एग्जॉस्ट फैन हटाया, घर में घुसा… 13 लाख उड़ाकर फरार हुआ शातिर चोर

Knews Desk- महाराष्ट्र के ठाणे जिले से चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शातिर चोर ने घर में घुसकर करीब 13 लाख रुपये की नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। खास बात यह रही कि आरोपी ने घर में दाखिल होने के लिए बेहद अनोखा तरीका अपनाया। उसने पहले खिड़की पर लगा एग्जॉस्ट फैन निकाला और फिर उसी रास्ते घर के अंदर पहुंच गया।

यह घटना कल्याण इलाके के गायकवाड़ चाल क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की वारदात 16 और 17 मई की दरमियानी रात को हुई। उस समय घर के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान चोर ने मौका पाकर घर में एंट्री की और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से लाखों रुपये के गहने और नकदी गायब हैं। परिवार के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख 12 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद घरवालों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चोर इलाके और घर की स्थिति से पहले से वाकिफ था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। वहीं पुलिस ने लोगों से घरों की सुरक्षा मजबूत रखने और रात में सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *