प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और समाज से इसके खिलाफ एकजुट होकर काम करने की अपील की। पीएम मोदी ने सरकारी कर्मचारियों की ट्रेनिंग, संग्रहालयों, कला, स्टार्टअप और सेवा कार्यों से जुड़े कई विषयों का भी जिक्र किया।
युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के सपनों के सामने ड्रग्स और नशा बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता लगातार बढ़ रही है और ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी जोर-शोर से चल रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने एक ऐसे युवा से भी बात की, जिसने नशे की लत के खिलाफ अपनी जिंदगी में संघर्ष कर इस चुनौती पर जीत हासिल की।
iGOT कर्मयोगी और संचार साथी का जिक्र
प्रधानमंत्री ने ‘iGOT कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं और लाखों कर्मचारी इन कोर्स को पूरा कर चुके हैं। उन्होंने ‘संचार साथी’ प्लेटफॉर्म का जिक्र करते हुए कहा कि खोया हुआ मोबाइल फोन वापस पाने में यह डिजिटल प्लेटफॉर्म मददगार हो सकता है।
बिहार म्यूजियम को मिली बड़ी उपलब्धि
पीएम मोदी ने बताया कि पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की एक सूची में 9वां स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि इस सूची में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। उन्होंने गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि वडनगर पुरातत्व-संबंधी प्रयोगात्मक म्यूजियम का भी जिक्र किया।
भारत के कला और स्टार्टअप की चर्चा
प्रधानमंत्री ने वेनिस में आयोजित ‘Venice Art Biennale’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार करीब साढ़े चार लाख लोगों ने भारत के पवेलियन का दौरा किया और दुनियाभर के दर्शकों ने वोट देकर इसे सर्वश्रेष्ठ चुना। उन्होंने चॉकलेट बनाने वाले भारतीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स की भी चर्चा की, जो स्थानीय सामग्री से नए फ्लेवर तैयार कर रहे हैं। इससे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर बन रहे हैं।
कनाडा के साई धाम फूड बैंक का जिक्र
पीएम मोदी ने कनाडा में चल रहे ‘साई धाम फूड बैंक’ के सेवा कार्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसका मिशन है कि कोई भी भूखा न सोए। प्रधानमंत्री ने सिख गुरुओं के चित्रों का जिक्र करते हुए महान कलाकार शोभा सिंह को याद किया और बताया कि 29 नवंबर को उनकी 125वीं जयंती है।