इंडिया गठबंधन से अलग होने के बाद DMK ने की थी अलग बैठने की मांग, लोकसभा सचिवालय ने विशेष सत्र से पहले बदली सांसदों की सीटिंग व्यवस्था
Knews Desk – तमिलनाडु की प्रमुख क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम यानी DMK को आखिरकार लोकसभा में अलग बैठने की जगह मिल गई है। DMK ने इस संबंध में मई में लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर अपने सांसदों को कांग्रेस से अलग बैठने की अनुमति देने का आग्रह किया था। इंडिया गठबंधन से अलग होने के बाद पार्टी ने यह मांग की थी और अब लोकसभा स्पीकर ने DMK सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था कर दी है।
लोकसभा में बैठने की जगह में बदलाव सिर्फ DMK के सांसदों के लिए नहीं हुआ है। इस बदलाव की वजह से समाजवादी पार्टी, NCP-SP, शिवसेना-UBT और कांग्रेस के कुछ सांसदों की सीटिंग व्यवस्था में भी परिवर्तन हुआ है। सुप्रिया सुले अब कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी। परिसीमन बिल पर विशेष सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने यह बदलाव किया है।
DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने लोकसभा में अपने सांसदों के बैठने की व्यवस्था में बदलाव की मांग की थी। उनका कहना था कि कांग्रेस के साथ उनका गठबंधन खत्म हो गया है और ऐसे में DMK के सदस्यों के लिए कांग्रेस सांसदों के साथ बैठना सही नहीं होगा।
दरअसल, तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद DMK और कांग्रेस के बीच रिश्ते खराब हो गए। DMK की सहयोगी के तौर पर चुनाव लड़ने के बावजूद कांग्रेस ने बाद में TVK की सरकार को समर्थन देने का फैसला किया और नई सरकार का हिस्सा बन गई। कांग्रेस के इस फैसले के बाद DMK के साथ उसकी लंबे समय से चली आ रही साझेदारी खत्म हो गई और इस मुद्दे पर DMK की ओर से कड़ी प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।
पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के इस कदम की आलोचना की और इसे ‘पीठ में छुरा घोंपना’ तथा ‘धोखा’ बताया। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि DMK ने पहले भी साल 2014 में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया था।