KNEWS DESK- सरकार ने संसद की चार दिवसीय बैठक फिर से बुलाने का फैसला किया है। यह मानसून सत्र का ही विस्तार होगा। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। खास बात यह है कि इस दौरान प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी सदस्यों का कामकाज नहीं होगा।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया था। लोकसभा 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से बैठेगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी।
यह बैठक शीतकालीन सत्र नहीं, बल्कि मानसून सत्र का विस्तार है। मानसून सत्र को 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन उसका सत्रावसान यानी ‘प्रोरोगेशन’ नहीं हुआ था। इसी वजह से अब सदन को दोबारा बुलाया गया है।
लोकसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम 15 के तहत अध्यक्ष को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित सदन की बैठक दोबारा बुलाने का अधिकार है। इसी प्रावधान के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा सभापति ने बैठक बुलाई है। 3 दिसंबर को कार्यवाही समाप्त होने के बाद सत्रावसान किया जा सकता है।
इस बीच सरकार ने शुक्रवार को दोपहर 1 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक भी बुलाई है। माना जा रहा है कि बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों में संभावित बदलावों पर चर्चा हो सकती है।