‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज पर रोक की मांग, FWICE ने PM मोदी को लिखा पत्र

पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। FWICE ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की रिलीज रोकने की मांग की है। सीरीज 4 दिसंबर 2026 को भारत में रिलीज होने वाली है।

knews desk – पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विरोध लगातार बढ़ रहा है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। वहीं, FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने नेटफ्लिक्स से अपील की है कि मौजूदा हालात और भारत की भावनाओं को देखते हुए इस सीरीज को देश में रिलीज न किया जाए।

यह पाकिस्तानी सीरीज 4 दिसंबर 2026 को भारत में रिलीज होने वाली है। FWICE ने सीरीज की रिलीज पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि पाकिस्तान से जुड़े मनोरंजन कंटेंट को भारतीय दर्शकों के सामने रिलीज नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने प्रधानमंत्री के साथ-साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गृह मंत्रालय से भी इस मामले में जरूरी कदम उठाने की अपील की है।

FWICE ने नेटफ्लिक्स को दी चेतावनी

FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित के मुताबिक, सीरीज में शामिल कुछ पाकिस्तानी कलाकारों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और भारतीय सुरक्षा बलों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। ऐसे में उनका कहना है कि भारतीय OTT प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तानी कलाकारों और प्रोडक्शन को मंच देना उचित नहीं है।

अशोक पंडित ने नेटफ्लिक्स से भारत की भावनाओं और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की अपील की है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर नेटफ्लिक्स ने FWICE की मांग को नजरअंदाज किया तो फेडरेशन भारत में शूट होने वाले नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स को लेकर कड़ा रुख अपना सकता है।

उनके मुताबिक, इसके तहत भारतीय फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कलाकार, टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारी नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स में काम करने से इनकार कर सकते हैं।

क्या है ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की कहानी?

‘जो बचे हैं संग समेट लो’ फरहत इश्तियाक के उर्दू नॉवेल पर आधारित वेब सीरीज है। इसकी कहानी तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द घूमती है। सीरीज का निर्देशन और प्रोडक्शन मोमिना दुरैद ने किया है।

इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, हमजा अली अब्बासी और अहद रजा मीर जैसे पाकिस्तानी कलाकार नजर आएंगे।

सरकारी एडवाइजरी का दिया हवाला

FWICE ने अपनी मांग के समर्थन में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 की एडवाइजरी का भी हवाला दिया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा और मौजूदा हालात को देखते हुए यह एडवाइजरी जारी की थी। FWICE का कहना है कि इसमें भारत में काम करने वाले OTT प्लेटफॉर्म और स्ट्रीमिंग सेवाओं को पाकिस्तान में बने कंटेंट पर रोक लगाने को कहा गया था। इसमें वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल कंटेंट शामिल थे।

वहीं, नेटफ्लिक्स ने ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की रिलीज डेट 4 दिसंबर 2026 तय की है। सीरीज नेटफ्लिक्स इंडिया की अपकमिंग रिलीज लिस्ट में भी दिखाई दे रही है। हालांकि, भारत में इसकी रिलीज आखिरकार होगी या नहीं, इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

इससे पहले ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन यानी AICWA भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की भारत में रिलीज पर रोक लगाने की मांग कर चुका है। इसके अलावा शिवसेना ने भी वेब सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *