राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे एक परिवार की तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रक ड्राइवर समेत 8 लोग घायल हुए हैं।
Knews Desk – हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास रात करीब 1 बजे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
पीड़ित परिवार के सदस्य प्रदीप के मुताबिक, महाराष्ट्र लौट रहे परिवार के 36 रिश्तेदार तीन गाड़ियों में सवार थे। सभी गाड़ियां आगे-पीछे चल रही थीं। सबसे आगे चल रही क्रूजर हादसे का शिकार हुई, जिसमें एक ही परिवार के 16 लोग सवार थे।
हादसे में उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी की मौत हो गई।
ट्रक में तकनीकी खराबी के बाद सड़क किनारे खड़ा था
ट्रक चालक हारून (43) ने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण उसने उसे सड़क किनारे खड़ा किया था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा होकर उसकी जांच कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक में जा घुसी।
हारून के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह करीब 20 फीट दूर जा गिरा। करीब 10 मिनट बाद होश आने पर उसने खुद पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। उसके सिर और घुटनों में चोट आई है।
हादसे में जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) समेत कुल 8 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि क्रूजर चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ।