KNEWS DESK- मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध मिलावटी शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत की खबर है। वहीं 200 से ज्यादा लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौतों की वास्तविक वजह की अभी मेडिकल और वैज्ञानिक जांच से पुष्टि नहीं हुई है। प्रभावित लोगों में ज्यादातर किसान बताए जा रहे हैं, जो चकपिकारोंग और चंदेल सबडिवीजन के गांवों के रहने वाले हैं।
अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज भर्ती
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इंफाल के बाहरी इलाके में स्थित शिजा अस्पताल में 200 से अधिक और साजीवा के बाबिना अस्पताल में 55 लोगों को भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को दोनों अस्पतालों का दौरा कर मरीजों का हाल जाना।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, शिजा अस्पताल में 140 से अधिक और बाबिना अस्पताल में 41 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटों में 11 लोगों की मौत हुई है। सभी मरीजों की डॉक्टरों की निगरानी में जांच और इलाज किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने अस्पतालों को मरीजों को बेहतर इलाज और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। चंदेल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ की अगुवाई में मेडिकल टीम और जरूरी दवाइयां भी भेजी गई हैं।
घटना के बाद चंदेल, इंफाल वेस्ट और काकचिंग जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। लोगों से स्थानीय स्तर पर बनाई जाने वाली शराब का सेवन नहीं करने की अपील की गई है।
इन लक्षणों पर तुरंत अस्पताल पहुंचें
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि शराब पीने के बाद उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या कोई अन्य असामान्य लक्षण महसूस होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें। मामले की मेडिकल और वैज्ञानिक जांच जारी है।