KNEWS DESK- महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भुसावल विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 14,567 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन दिए जाने का मामला सामने आया है। चुनाव अधिकारियों की जांच में इनमें से केवल 74 मतदाता मृत पाए गए। बाकी नाम हटाने की मांग खारिज कर दी गई। भुसावल विधानसभा क्षेत्र बीजेपी के पास है और यहां से राज्य सरकार में मंत्री संजय सावकारे विधायक हैं।
183 आवेदकों ने दाखिल किए फॉर्म-7
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, 183 लोगों ने फॉर्म-7 के जरिए मतदाता सूची से नाम हटाने की मांग की थी। इन आवेदनों में कुल 14,567 मतदाताओं के नाम शामिल थे। आवेदन डाक के जरिए चुनाव कार्यालय पहुंचे थे।
इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाने की मांग के बाद कांग्रेस के स्थानीय बूथ लेवल एजेंट मुनव्वर खान ने प्रशासन से शिकायत कर जांच की मांग की। जांच के दौरान 21 आवेदकों ने अपनी ओर से दाखिल 2,532 आपत्तियां वापस लेने के लिए आवेदन दिया।
घर-घर जाकर हुई जांच
प्रशासन ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सभी आपत्तियों की जमीनी जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों ने संबंधित मतदाताओं के पते पर जाकर जानकारी जुटाई। जांच में केवल 74 मतदाता मृत पाए गए। उनके नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जबकि बाकी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बरकरार रखे गए।
17 नवंबर को उपविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सभी आपत्तियों का निपटारा कर दिया गया है। प्रशासन ने गलत मंशा से आवेदन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
कांग्रेस ने स्वतंत्र जांच की मांग की
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के नाम पर आवेदन दाखिल किए गए, जबकि संबंधित लोगों ने ऐसी कोई आपत्ति दर्ज कराने से इनकार किया। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने स्वतंत्र जांच, FIR और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस का कहना है कि केवल आवेदन खारिज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि इतने बड़े पैमाने पर आपत्तियां किसने और किस उद्देश्य से दाखिल कीं। मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है।