KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुओं से अपने घरों के बाहर भगवा ध्वज लगाने की अपील की। उन्होंने सनातन संस्कृति और भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की बात कही।
कथा के मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यहां से एक बात जरूर लेकर जाएं और अपने घर के बाहर भगवा झंडा जरूर लगाएं। उन्होंने कहा कि कई जगह चार घर होने पर भी हरे रंग का झंडा दिखाई देता है, लेकिन पूरा गांव हिंदुओं का होने के बावजूद भगवा ध्वज नजर नहीं आता।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि केवल खुद को सनातनी कह देने से कोई सनातनी नहीं हो जाता। इसके लिए माथे पर तिलक, मुंह में रामायण की चौपाइयां, जय श्रीराम के नारे और जीवन में भगवान राम जैसा आदर्श होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर घर के बाहर भगवा ध्वज लगा होगा तो आपके द्वार पर हनुमान जी भी खड़े होंगे। उन्होंने अपने संबोधन में काशी और मथुरा का भी जिक्र किया। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पहले मथुरा में कन्हैया लाल बैठेंगे और फिर काशी में भोलेनाथ बैठेंगे। उन्होंने बताया कि वह 21 नवंबर को वृंदावन जा रहे हैं और वहां बांके बिहारी के दरबार में अर्जी लगाएंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आने वाले दिनों में वह मथुरा भी जाएंगे।
धीरेंद्र शास्त्री ने कुंडा के जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि वह मथुरा अकेले नहीं जाएंगे और भरोसा जताया कि जब गुरुजी जाएंगे तो राजा भैया भी मथुरा जाएंगे। यह बयान ऐसे समय आया है जब कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है। इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री कथा पर रोक लगाने की मांग और चुनावी फायदे के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।