मुख्तार गैंग के शार्प शूटर अंगद राय पर बड़ी कार्रवाई, पत्नी के नाम की 3 संपत्तियां कुर्क

KNEWS DESK- गाजीपुर में मुख्तार अंसारी के आईएस-191 गैंग से जुड़े रहे शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झुल्लन राय के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी पत्नी सरिता राय के नाम दर्ज तीन अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया है। प्रशासन के मुताबिक, इन संपत्तियों की मौजूदा कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है।

गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई

अंगद राय पुत्र सर्वदेव राय, निवासी शेरपुर खुर्द, थाना भांवरकोल पर आरोप है कि उसने संगठित अपराध से अर्जित धन का इस्तेमाल कर अपनी पत्नी के नाम पर संपत्तियां खरीदीं और दान के माध्यम से जमीन प्राप्त की। इसी आधार पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत कुर्की का आदेश जारी किया गया।

तीन संपत्तियों पर कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार, कुर्क की गई तीनों संपत्तियां तहसील मुहम्मदाबाद के मौजा हैदरिया और गिरधरिया में स्थित हैं। इनमें 80.15 वर्ग मीटर आवासीय भूमि 13 लाख रुपये में खरीदी गई थी। वहीं 95.3 वर्ग मीटर जमीन 3 लाख रुपये में खरीदी गई थी। इसके अलावा 212 वर्ग मीटर भूमि दान के माध्यम से प्राप्त की गई थी, जिस पर बाउंड्रीवॉल भी बनी हुई है।

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर कुर्की

यह कार्रवाई कोतवाली गाजीपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 314/2023 और धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट से संबंधित है। जिला मजिस्ट्रेट ने 17 नवंबर 2026 को वाद संख्या 2228/2026 में कुर्की का आदेश पारित किया था। बुधवार को इसी आदेश के तहत प्रशासन ने कार्रवाई की।

कुर्की के बाद तीनों संपत्तियों पर चेतावनी बोर्ड लगा दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार महेंद्र बहादुर, शहर कोतवाल दिनेश पाठक और उपनिरीक्षक अभिनव गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *