भारत में 1.2 करोड़ बच्चों पर नशे का खतरा, 40% परिवारों में तंबाकू-शराब का इस्तेमाल

KNEWS DESK– भारत में बच्चों और किशोरों के बीच नशे की समस्या गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। नवंबर 2026 में जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2018 के देश के पहले राष्ट्रीय सर्वे में करीब 1.2 करोड़ बच्चे सब्सटेंस यूज डिसऑर्डर से प्रभावित पाए गए थे। वहीं, एक अलग अध्ययन में नशे की शुरुआत की औसत उम्र 12.9 साल सामने आई।

5,920 स्कूली छात्रों पर हुआ अध्ययन

नेशनल मेडिकल जर्नल ऑफ इंडिया में प्रकाशित अध्ययन में 10 शहरों के 5,920 स्कूली छात्रों को शामिल किया गया। इनमें 8वीं, 9वीं और 11वीं-12वीं कक्षा के विद्यार्थी थे। अध्ययन के मुताबिक, 15.1 फीसदी छात्रों ने जीवन में कभी न कभी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया था, जबकि 7.2 फीसदी ने सर्वे से पहले के 30 दिनों में नशे का सेवन किया था।

घर का माहौल भी बना जोखिम

अध्ययन में सामने आया कि करीब 40 फीसदी छात्रों के परिवार में कोई सदस्य तंबाकू या शराब का इस्तेमाल करता है। वहीं, 8.2 फीसदी ने परिवार में गांजा या कैनबिस के इस्तेमाल और 3.9 फीसदी ने ओपिओइड के इस्तेमाल की जानकारी दी। शोधकर्ताओं के मुताबिक, बच्चों के आसपास का माहौल भी उन्हें नशे के संपर्क में आने का जोखिम बढ़ा सकता है।

तंबाकू और शराब का इस्तेमाल ज्यादा

सर्वे के अनुसार बच्चों में तंबाकू और शराब का इस्तेमाल सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। पिछले 12 महीनों में 4 फीसदी छात्रों ने तंबाकू और 3.8 फीसदी ने शराब का सेवन किया। ओपिओइड का आंकड़ा 2.8 फीसदी, गांजा या कैनबिस का 2 फीसदी और इनहेलेंट्स का 1.9 फीसदी रहा।

सरकार ने शुरू किया नशा मुक्त भारत अभियान

बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए सरकार ने 15 अगस्त 2020 को नशा मुक्त भारत अभियान शुरू किया था। शुरुआत में इसे 272 जिलों में लागू किया गया था, जबकि अगस्त 2023 से इसका विस्तार सभी जिलों में कर दिया गया। सरकार के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 तक अभियान के जरिए 14.33 करोड़ से ज्यादा युवाओं तक पहुंच बनाई जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *