शरद कपूर की हालत देख दंग रह गईं हेमा चौधरी, बोलीं- ‘2 साल से नहीं नहाए, बिस्तर से भी नहीं उठे’

बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर की दोस्त और खुद को उनका अभिभावक बताने वाली हेमा चौधरी ने एक्टर की मौजूदा हालत को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि शरद बेहद खराब स्थिति में रह रहे थे और समय रहते उन्हें वहां से निकालकर उनकी देखभाल शुरू की गई।

Knews Desk – बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर की दोस्त और खुद को उनका अभिभावक बताने वाली हेमा चौधरी ने हाल ही में एक्टर की हालत को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने ‘बॉलीवुड कट अनकट’ पॉडकास्ट में बताया कि उन्होंने शरद को किस हालत में देखा था। हेमा मुंबई की एक बिल्डिंग में कुत्तों को बचाने के लिए पहुंची थीं। वह ‘बेजुबान ट्रस्ट’ नाम से एक डॉग रेस्क्यू ऑर्गनाइजेशन चलाती हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात शरद कपूर से हुई।

हेमा ने शरद के कमरे का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उनके रहने की बेहद खराब हालत दिखाई दे रही थी। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से एक्टर की मदद करने की अपील की। हेमा के मुताबिक, उस समय तक शायद शरद को काम मिलना बंद हो गया था।

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने शरद के भाई से बात की तो भाई ने कहा कि शरद अपने छोटे भाई को लेने के लिए उनके पास आए थे। हेमा ने दोबारा उनके भाई को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात को कोई अहमियत नहीं दी गई। हेमा ने कहा कि उन्होंने शरद के भाई से कहा था कि शरद को उनकी जरूरत है, लेकिन उन्होंने वापस फोन तक नहीं किया। उन्होंने आशंका जताई कि इसकी वजह प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई मामला या कोई दूसरी वजह हो सकती है।

हेमा ने शरद की हालत के बारे में बात करते हुए कहा कि तीन से चार लोग ऐसे थे, जो उनके मरने का इंतजार कर रहे थे। उनके मुताबिक, शरद की हालत लगभग 99 फीसदी तक खराब हो चुकी थी, लेकिन कुत्तों की वजह से वह उन तक पहुंच पाईं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उन लोगों और जानवरों की आवाज सुनती हैं, जो अपनी बात खुद नहीं कह सकते।

हेमा के मुताबिक, जब वह कुत्तों को बचाने पहुंची थीं, तब उनकी मुलाकात शरद से हुई। उन्होंने दावा किया कि शरद दो साल से नहाए नहीं थे और न ही बिस्तर से उठे थे। उन्होंने कहा कि किसी ने उन्हें फोन करके यह तक नहीं पूछा था कि उन्होंने खाना खाया है या नहीं। हेमा के मुताबिक, इस तरह शरद धीरे-धीरे मौत की तरफ बढ़ रहे थे।

हेमा ने बताया कि अगर शरद कुछ और समय तक उसी हालत में रहते, तो उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने समय रहते उन्हें वहां से निकाला और अब उनके परिवार की गैरमौजूदगी में उनकी देखभाल कर रही हैं।

शरद कपूर की निजी जिंदगी को लेकर भी हेमा ने कई बातें बताईं। उन्होंने कहा कि शरद की सगाई पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से हुई थी, लेकिन दोनों की शादी नहीं हुई।

हेमा ने यह भी पुष्टि की कि शरद की एक गर्लफ्रेंड है, लेकिन वह उनकी देखभाल करने की स्थिति में नहीं है। वहीं, शरद के बच्चे होने की अफवाहों पर उन्होंने कहा कि एक्टर ने उन्हें इस बारे में पुष्टि करने की इजाजत नहीं दी है। हालांकि, हेमा के मुताबिक, शरद ने उनसे कहा है कि सही समय आने पर वह उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी सभी बातें बता सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *