गंगा किनारे देव दीपावली देखने का खर्च लाखों में, सुइट से क्रूज तक महंगी बुकिंग

KNEWS DESK- देव दीपावली पर वाराणसी में गंगा किनारे ठहरने और घाटों की रोशनी देखने के लिए पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक काशी पहुंच रहे हैं। इसके चलते घाटों के आसपास स्थित होटल, होम स्टे और पीजी में बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। गंगा में इस बार दो नए क्रूज भी शामिल हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद क्रूज और गंगा किनारे ठहरने का किराया काफी बढ़ गया है।

गंगा किनारे सुइट का किराया 2 लाख तक

देव दीपावली के मौके पर घाट किनारे स्थित तीन आलीशान होटलों में एक कमरे का एक दिन का किराया दो लाख रुपये तक पहुंच गया है। दरभंगा घाट, मेहता घाट और राणामहल घाट के बड़े होटलों में सुइट का दो दिन का पैकेज ढाई लाख से चार लाख रुपये तक में बुक हुआ है। वहीं नए क्रूज में डीलक्स रूम की बुकिंग 80 हजार रुपये में हुई है। क्रूज पर सवार होकर कुछ घंटों के लिए गंगा घाटों की खूबसूरती देखने के लिए पर्यटकों ने 25 हजार रुपये तक का भुगतान किया है।

दो नए क्रूज पहली बार शुरू करेंगे संचालन

इस साल गंगा में निर्वाणा और वेदा नाम के दो नए क्रूज भी शामिल हुए हैं। ये दोनों पहली बार देव दीपावली के दौरान संचालन शुरू करेंगे। इसके बाद पर्यटकों को छह क्रूजों पर सवार होकर गंगा से देव दीपावली की भव्यता देखने का मौका मिलेगा। वाराणसी टूरिज्म गिल्ड के सचिव सौरभ पांडेय के अनुसार, दोनों नए क्रूज की बुकिंग फुल हो चुकी है।

बजड़े की बुकिंग भी लाखों में

इस साल बजड़ों की भी अच्छी बुकिंग हुई है। एक बजड़ा एक से साढ़े तीन लाख रुपये तक में बुक हुआ है। इसके अलावा कुछ ऐप के जरिए साधारण नावों पर शेयरिंग के आधार पर भी बुकिंग हो रही है। अस्सी घाट से नमो घाट तक शेयरिंग नाव के लिए एक पर्यटक से तीन हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं।

11 लाख दीयों से जगमगाएंगे घाट

24 नवंबर की शाम देव दीपावली पर काशी के सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित होंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती का आयोजन होगा और 11 लाख दीए रोशन किए जाएंगे। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *