‘सही नीयत से काम हुआ तो 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए’, FICCI में बोले PM मोदी

KNEWS DESK– नई दिल्ली के भारत मंडपम में FICCI के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी वर्ष सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति, गरीबी उन्मूलन और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की नीतियों पर बात की।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में प्रगति की गति तेज है और गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी तेजी से बढ़ रही है। पीएम ने विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि 1970 के दशक में देश में ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था। उस समय देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी। उन्होंने कहा कि गरीबी तब भी हट सकती थी, लेकिन उस समय नीतियों और नीयत में कमी रही। पीएम के मुताबिक, सही नीयत के साथ काम करने पर 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल सके।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह सही है और इसमें देश की सफलता की गारंटी है। उन्होंने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों के लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट फैसलों में ‘इंडिया फर्स्ट’ को आधार बनाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत पर जोर देते हुए उद्योगों से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और वैश्विक बाजार की मांग के मुताबिक उत्पाद तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों की दुनिया में पहचान बननी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *