गोरखपुर में अखिलेश की PDA रथयात्रा के दौरान हादसा, बुलडोजर की चपेट में आने से 14 साल BJP नेता के बेटे की मौत

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रैली में शामिल बुलडोजर की चपेट में आने से 14 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई।

आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत BJP नेता हैं और गोरखपुर में पार्टी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग से जुड़े हैं। घटना के बाद परिवार और BJP कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने अखिलेश यादव और रथयात्रा के आयोजकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की।

आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय में 10वीं का छात्र था। परिवार के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अखिलेश यादव का काफिला इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने उसके स्कूल जा रहा था। आरोप है कि सड़क पार करते समय पीछे से आ रहे बुलडोजर ने उसे टक्कर मार दी।

आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह का आरोप है कि बुलडोजर रैली में फूल बरसा रहा था और अखिलेश यादव का काफिला आगे निकल चुका था। इसके बाद तेज रफ्तार से आ रहे बुलडोजर ने उनके बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। पिता के मुताबिक, टक्कर लगने से आर्यवर्धन सड़क के डिवाइडर से जा टकराया और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *