KNEWS DESK- अगर आप ताजमहल, लाल किला या कुतुब मीनार घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो 19 नवंबर आपके लिए खास मौका है। आज देशभर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण वाले स्मारकों में घूमने के लिए टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। यानी टिकट वाले ASI स्मारकों में भी आज मुफ्त एंट्री मिलेगी।
विश्व विरासत सप्ताह की शुरुआत पर खास छूट
यह छूट विश्व विरासत सप्ताह (World Heritage Week) की शुरुआत के मौके पर दी जा रही है। हर साल 19 से 25 नवंबर तक विश्व विरासत सप्ताह मनाया जाता है। इस दौरान लोगों को देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
संस्कृति मंत्रालय की ओर से PIB Culture ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की है। लोगों से भारत की ऐतिहासिक धरोहरों को देखने और उनके इतिहास को जानने की अपील की गई है।
सिर्फ 19 नवंबर को मिलेगी मुफ्त एंट्री
ASI के एक सीनियर अफसर के मुताबिक, फिलहाल टिकट से छूट सिर्फ 19 नवंबर के लिए दी गई है। ऐसे में अगर आप बिना टिकट किसी ASI संरक्षित स्मारक को देखना चाहते हैं, तो आज का दिन आपके लिए खास मौका है।
3800 से ज्यादा स्मारकों की देखरेख करता है ASI
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण देशभर में 3800 से ज्यादा स्मारकों और ऐतिहासिक स्थलों की देखरेख करता है। इनमें 143 ऐसे स्मारक हैं, जहां प्रवेश के लिए टिकट लेना पड़ता है। इनमें आगरा का ताजमहल, दिल्ली का लाल किला और कुतुब मीनार जैसे देश के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल शामिल हैं।
19 नवंबर को इन टिकट वाले ASI स्मारकों में भी प्रवेश के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना होगा। ऐसे में इतिहास और विरासत में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आज इन ऐतिहासिक स्थलों को देखने का अच्छा मौका है।