चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश, 2018 के मारपीट मामले में 17 नवंबर को कोर्ट में नहीं हुए पेश

गाजियाबाद MP-MLA कोर्ट ने जारी किया आदेश, मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने की वजह से पेश नहीं हो पाए थे नगीना सांसद

Knews Desk – नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश गाजियाबाद MP-MLA कोर्ट ने जारी किया है। कोर्ट ने यह आदेश 17 नवंबर को अदालत में हाजिर नहीं होने के बाद जारी किया। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के कारण कोर्ट में पेश नहीं हो पाए थे।

यह मामला वर्ष 2018 में गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा है। शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया था कि समारोह के दौरान हथियारों को लेकर सवाल पूछने पर चंद्रशेखर आजाद और उनके समर्थकों ने उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी थी।

अधिवक्ता ने कोर्ट में दाखिल किया था प्रार्थनापत्र

मामले को लेकर चंद्रशेखर आजाद के अधिवक्ता चांद आलम ने अदालत में एक प्रार्थनापत्र दाखिल किया था। इसमें अगली तारीख पर पेश होने की अनुमति मांगी गई थी। हालांकि, अदालत ने चंद्रशेखर आजाद की संपत्ति कुर्क करने के लिए नोटिस जारी कर दिया। अब मामले में अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी।

इससे पहले अक्टूबर 2026 में भी इस मामले में गैर-जमानती वारंट और संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की बात सामने आई थी।

गठबंधन को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने सरकार पर साधा निशाना

घर की कुर्की के आदेश के बाद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि AIMIM और ASP के गठबंधन से सरकार बौखला गई है और इसी वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है।

चंद्रशेखर आजाद के मुताबिक, वह 17 नवंबर को पहले से तय संसदीय कार्यसमिति की बैठक के लिए महाराष्ट्र में थे। उन्होंने कहा कि उनके वकील ने इस संबंध में कोर्ट में प्रार्थनापत्र भी दाखिल किया था।

अब इस मामले में अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *