3 दिसंबर को फिर सजेगी फुलेरा की चौपाल, ‘पंचायत’ सीजन 5 में प्रधानपति बनेंगे बनराकस

‘पंचायत’ के फैंस का इंतजार खत्म हो गया है। जितेंद्र कुमार और नीना गुप्ता स्टारर पॉपुलर वेब सीरीज ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा। नए सीजन में फुलेरा गांव की राजनीति और सत्ता का समीकरण बदला हुआ नजर आएगा।

Knews Desk – मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ‘पंचायत सीजन 5’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। सीरीज का एक्सक्लूसिव प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर भारत के साथ दुनियाभर के 240 से अधिक देशों में होगा। नए सीजन में एक बार फिर सचिव जी और फुलेरा गांव की कहानी दर्शकों के सामने होगी।

इस बार फुलेरा की सियासत पहले से ज्यादा दिलचस्प होने वाली है। गांव को नया मुखिया मिल चुका है और ‘बनराकस’ यानी दुर्गेश कुमार का किरदार अब प्रधानपति की कुर्सी पर नजर आएगा। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि सत्ता मिलने के बाद बनराकस गांव के लिए क्या नए फैसले लेते हैं और क्या वह फुलेरा की तस्वीर बदलने में कामयाब हो पाते हैं।

3 दिसंबर को लौटेंगे सचिव जी और फुलेरा के पुराने किरदार

सीजन 5 में सत्ता परिवर्तन के साथ गांव की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिलेंगे। नए रिश्ते, नई दुश्मनियां, हल्का-फुल्का हास्य और भावुक पल कहानी का हिस्सा होंगे। बनराकस के नए अवतार को लेकर भी दर्शकों के बीच खास उत्सुकता बनी हुई है।

द वायरल फीवर के बैनर तले बनी इस सीरीज का निर्देशन एक बार फिर दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। सीरीज की कहानी दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने मिलकर लिखी है।

पुराने किरदारों की पूरी टीम करेगी वापसी

नए सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अपने चर्चित किरदारों में वापस लौटेंगे। यानी फुलेरा की वही पुरानी टीम नए सियासी ट्विस्ट के साथ दर्शकों को फिर हंसाने और भावुक करने के लिए तैयार है।

सीरीज में प्रहलाद चा का किरदार निभाने वाले फैसल मलिक भी नए सीजन में अपने सादगी भरे और भावुक अंदाज में नजर आएंगे। हाल ही में नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में फैसल मलिक ने कुंभकर्ण का किरदार निभाया था। अब दर्शकों को एक बार फिर उन्हें प्रहलाद चा के रूप में देखने का इंतजार है।

‘पंचायत’ की खासियत इसकी सादगी, गांव की जिंदगी और रोजमर्रा की छोटी-छोटी घटनाओं में छिपे हास्य और भावनाओं को दिखाने का अंदाज रहा है। क्राइम, सस्पेंस और मारधाड़ से भरे ओटीटी कंटेंट के बीच यह सीरीज अपनी देसी कहानी और किरदारों के चलते अलग पहचान बना चुकी है। पांचवें सीजन के ऐलान के बाद अब दर्शकों की नजर 3 दिसंबर पर टिक गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *