KNEWS DESK- पंजाब सरकार ने ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत खाद्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाते हुए मंगलवार को 10 लाख नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी किए हैं। नए लाभार्थियों में करीब चार लाख मजदूर शामिल हैं। इन जरूरतमंद परिवारों को हर महीने 5 किलो मुफ्त गेहूं के साथ ‘मेरी रसोई किट’ के जरिए जरूरी खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट कर लाभार्थियों से अपील की कि वे मोबाइल फोन पर मिले संदेश को दिखाकर राशन डिपो से ‘मेरी रसोई किट’ प्राप्त करें। वहीं, मुफ्त गेहूं का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी जरूरी होगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, लाभार्थियों का चयन ‘नो कैश, नो फरमाइश’ यानी बिना किसी सिफारिश या पक्षपात के पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया है। इसमें विधवा महिलाओं, दिहाड़ी मजदूरों, अनुसूचित जाति के परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी परिवार भूखा न सोए और अपने अधिकार से वंचित न रहे।
मेरी रसोई किट में दालें, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों का तेल शामिल होगा। नए स्मार्ट राशन कार्ड सीधे लाभार्थियों के घरों तक पहुंचाए जाएंगे। मान ने बताया कि पहले राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आम लोगों के लिए मुश्किल थी। केंद्र सरकार ने पंजाब को 1.48 करोड़ राशन कार्ड आवंटित किए थे, लेकिन विभिन्न कारणों से करीब 10 लाख कार्ड काट दिए गए थे। इससे कई वास्तविक लाभार्थी खाद्य सुरक्षा योजना से बाहर हो गए थे। अब प्रदेश सरकार ने इन परिवारों को नए कार्ड जारी करने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि करीब 1.25 लाख ऐसे राशन कार्ड आवेदकों को अपने विवरण में सुधार का मौका मिलेगा, जिन्होंने आवेदन में गलत पता दर्ज किया था। पहले चरण में निर्धारित स्कोरिंग मापदंडों पर खरा न उतरने वाले परिवारों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।