KNEWS DESK- संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विस एग्जामिनेशन (CSE) 2026 के इंटरव्यू का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार CSE 2026 का पर्सनैलिटी टेस्ट 7 दिसंबर 2026 से शुरू होगा और 12 फरवरी 2027 तक चलेगा। इंटरव्यू के लिए शेड्यूल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जारी किया गया है।
UPSC CSE 2026 के पर्सनैलिटी टेस्ट दो पालियों में आयोजित किए जाएंगे। पहली पाली के लिए उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे रिपोर्ट करना होगा, जबकि दूसरी पाली के उम्मीदवारों के लिए रिपोर्टिंग का समय दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है।
2526 उम्मीदवारों ने पास किया मेन्स
UPSC CSE 2026 मेन्स परीक्षा का परिणाम 5 नवंबर 2026 को जारी किया गया था। इस परीक्षा में कुल 2526 उम्मीदवार सफल हुए थे। अब इन्हीं सफल उम्मीदवारों को पर्सनैलिटी टेस्ट के लिए बुलाया गया है। आयोग ने इन उम्मीदवारों को 11 नवंबर से 25 नवंबर 2026 के बीच अपनी जरूरी जानकारी ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। जो उम्मीदवार निर्धारित अवधि में आवश्यक जानकारी अपडेट नहीं करेंगे, उन्हें ई-समन लेटर जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे उम्मीदवार पर्सनैलिटी टेस्ट में शामिल नहीं हो सकेंगे।
UPSC CSE 2026 इंटरव्यू शेड्यूल कैसे देखें
उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इंटरव्यू का पूरा शेड्यूल देख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले upsc.gov.in पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर उपलब्ध ‘UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2026 इंटरव्यू शेड्यूल’ लिंक पर क्लिक करें। लिंक खुलने के बाद इंटरव्यू शेड्यूल की PDF स्क्रीन पर दिखाई देगी। उम्मीदवार इसमें अपनी इंटरव्यू डेट और संबंधित जानकारी देख सकते हैं। उम्मीदवार PDF डाउनलोड करके भविष्य के लिए इसकी हार्ड कॉपी भी अपने पास रख सकते हैं।
इंटरव्यू के लिए मिलेगा ट्रेन का किराया
UPSC की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक CSE 2026 के पर्सनैलिटी टेस्ट में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को यात्रा खर्च का रिइम्बर्समेंट दिया जाएगा। इसके तहत पात्र उम्मीदवारों को ट्रेन के सेकंड/स्लीपर क्लास (मेल एक्सप्रेस) के किराए का भुगतान किया जाएगा। CSE 2026 का पर्सनैलिटी टेस्ट संघ लोक सेवा आयोग के कार्यालय, धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड, नई दिल्ली-110069 में आयोजित किया जाएगा। उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए जारी ई-समन लेटर में दी गई जानकारी और निर्देशों का पालन करना होगा।