मंच पर माइक-कुर्सियां फेंकने का मामला, अब तक 4 गिरफ्तार, कांग्रेस विधायक धामी फरार

KNEWS DESK- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर हंगामा और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार तड़के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विधायक हरीश धामी और एक अन्य आरोपी मनोहर टोलिया अभी फरार हैं।

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

पिथौरागढ़ के एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव मर्तोलिया, नृप सिंह, विक्रम दानू और रामू रोकाया के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।

मंच पर माइक और कुर्सियां फेंकने का आरोप

यह घटना 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जौलजीबी मेले के उद्घाटन के बाद हुई थी। आरोप है कि कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के जाने के बाद विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने मंच पर हंगामा किया और माइक व कुर्सियां फेंककर विरोध जताया। विधायक का आरोप था कि उन्हें मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया और बोलते समय उनका माइक बंद कर दिया गया। पुलिस ने BNS की धारा 121, 132, 191(2), 324(2) और 352 समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

इस मामले को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी तेज है। सीएम धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधा, जबकि हरीश धामी ने उन्हें डरपोक बताते हुए चुनाव लड़ने की चुनौती दी। कांग्रेस ने अपने विधायक के समर्थन में प्रशासन पर विपक्षी जनप्रतिनिधियों का अपमान करने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *