Knews Desk – उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी दिसंबर से राज्य में अपना चुनावी अभियान तेज करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शीर्ष नेता अगले महीने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सघन दौरे करेंगे।
बूथ सम्मेलनों से कार्यकर्ताओं तक पहुंचेगी बीजेपी
बीजेपी बूथ सम्मेलनों और शक्ति केंद्रों के सम्मेलनों के जरिए कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क साधेगी। गृह मंत्री अमित शाह इन सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं की कमान राज्य के वरिष्ठ नेताओं को दी जाएगी।
सभी यात्राओं का समापन लखनऊ में एक विशाल रैली के साथ करने की योजना है। इस रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर सकते हैं। वहीं राज्य सरकार के मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। वे जिलों में बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन और सरकार के कामकाज को लेकर फीडबैक लेंगे। इसी फीडबैक को टिकट वितरण की प्रक्रिया में भी आधार बनाया जाएगा।
हर जिले में यूट्यूबर और इंफ्लुएंसर्स की पहचान
बीजेपी इस बार सोशल मीडिया के जरिए भी चुनावी अभियान को मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी हर जिले में यूट्यूबर और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़े इंफ्लुएंसर्स की पहचान करेगी। इसके बाद सरकार और पार्टी की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए इन इंफ्लुएंसर्स की मदद ली जाएगी।
बीजेपी ने यूपी चुनाव के लिए शुरुआती रोडमैप तैयार कर लिया है। मथुरा में सोमवार से शुरू हुई पार्टी की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में चुनावी तैयारियों और प्रचार अभियान पर मंथन हुआ। बैठक में प्रदेश बीजेपी के 54 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। पार्टी का फोकस संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर है।
2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की चुनौती होगी। 2022 में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन कमजोर रहा। ऐसे में पार्टी अब उन इलाकों और सीटों पर विशेष फोकस कर रही है, जहां उसे पिछले चुनावों में नुकसान हुआ था। मोदी और शाह जैसे शीर्ष नेताओं के जरिए चुनावी माहौल बनाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संगठन के नेता बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।