हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देकर ED ने तत्काल सुनवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने जमानत पर फिलहाल रोक नहीं लगाई और मामले को गुरुवार के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।
Knews Desk – समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। एजेंसी ने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की। ED ने गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए जाने और दुर्भावना से जुड़े हाईकोर्ट के निष्कर्षों पर भी सवाल उठाए हैं। एजेंसी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए।
CJI की बेंच के सामने ED ने रखा मामला
ED ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया जस्टिस सूर्यकांत की बेंच के सामने मामला रखा और जल्द सुनवाई की मांग की। एजेंसी की ओर से तब तक यथास्थिति बनाए रखने की भी मांग की गई। इस दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा, ‘कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा… उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दें।’ सुप्रीम कोर्ट ने मामले को गुरुवार को सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई। ऐसे में फिलहाल आजम खान की अंतरिम जमानत पर रोक नहीं लगी है।
आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिली थी। हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। आजम खान की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि गिरफ्तारी के समय ED ने उन्हें लिखित रूप में गिरफ्तारी के कारण नहीं बताए थे।
हाईकोर्ट ने शुरुआती तौर पर माना था कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और PMLA की धारा 19 के तहत जरूरी नियमों का पूरी तरह पालन नहीं हुआ। इसी आधार पर आजम खान को अंतरिम जमानत दी गई थी।
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा है मनी लॉन्ड्रिंग केस
ED का मनी लॉन्ड्रिंग मामला रामपुर की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा किया गया। इसके अलावा सरकारी कामों के लिए मिले पैसों का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी में किए जाने और ठेकेदारों से चंदे के नाम पर ट्रस्ट को रकम वापस दिलाए जाने का भी आरोप है।
ED ने इस मामले में यूनिवर्सिटी की करीब 426.46 करोड़ रुपये की जमीन और इमारतें अटैच की हैं। अब सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को होने वाली सुनवाई में ED की याचिका पर आगे की कार्रवाई तय होगी।