भारत और जापान के बीच रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर दो दिवसीय जापान दौरे पर हैं। दोनों नेता टोक्यो में चौथी भारत-जापान 2+2 वार्ता में हिस्सा लेंगे। बैठक में रक्षा सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।
Knews Desk – टोक्यो में राजनाथ सिंह और एस. जयशंकर अपने जापानी समकक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेंगे। राजनाथ सिंह जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ रक्षा मंत्री स्तर की बैठक करेंगे, जबकि एस. जयशंकर जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे।
इन बैठकों में द्विपक्षीय सहयोग के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत होगी।
क्या है भारत-जापान 2+2 वार्ता?
भारत-जापान 2+2 वार्ता दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच साझा संवाद का मंच है। इसका उद्देश्य रक्षा और विदेश नीति से जुड़े मुद्दों पर समन्वय बढ़ाना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा रणनीतिक दृष्टिकोण को मजबूत करना है।
इस वार्ता का पिछला दौर अगस्त 2024 में नई दिल्ली में हुआ था।
पिछले शिखर सम्मेलनों के फैसलों की भी होगी समीक्षा
जापान दौरे के दौरान दोनों देश पिछले दो वार्षिक शिखर सम्मेलनों में बनी सहमतियों की समीक्षा भी करेंगे। अगस्त 2025 और जुलाई 2026 में हुई शिखर बैठकों में तय किए गए सहयोग के एजेंडे को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।
इसके अलावा विदेश मंत्री एस. जयशंकर टोक्यो में तीसरे रायसीना टोक्यो सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है। दोनों देश मुक्त, खुले, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र की पैरवी करते रहे हैं।
ऐसे में राजनाथ सिंह और एस. जयशंकर का जापान दौरा दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय रणनीतिक समन्वय को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।