15 लाख का था इनाम, पुलिसकर्मी और प्रवासी मजदूरों की हत्या समेत कई आतंकी वारदातों में नाम सामने आया था। 18 नवंबर को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में उसे मार गिराया।
Knews Desk -जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ अहमद भट को मुठभेड़ में मार गिराया। बुधवार 18 नवंबर की तड़के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें लतीफ मारा गया। करीब 22-23 साल का लतीफ दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के ख्रेवान चडेर गांव का रहने वाला था और घाटी में सक्रिय स्थानीय आतंकियों में सबसे ज्यादा वांछित आतंकियों में शामिल था।
नवंबर 2025 में घर से हुआ था लापता
सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक, लतीफ अहमद भट घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकियों में से एक था। वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF के नेटवर्क से जुड़ा बताया गया था। नवंबर 2025 में लतीफ घर से लापता हुआ था। आरोप है कि इसके बाद वह आतंकी संगठन में शामिल हो गया। उसे लश्कर कमांडर जाकिर अहमद गनई ने आतंकी गतिविधियों में शामिल किया और प्रशिक्षण दिया था।
लतीफ अहमद भट कई आतंकी वारदातों में शामिल था और सुरक्षाबलों को उसकी काफी समय से तलाश थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने वाले के लिए 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
लतीफ भट का नाम 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल अशिक हुसैन की हत्या में सामने आया था। इसके अलावा 31 जुलाई को कुलगाम के किलम इलाके में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या में भी उसकी भूमिका बताई गई थी।
11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF के चेकपोस्ट पर हुए हमले में भी लतीफ के शामिल होने की बात सामने आई थी। इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हुए थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
कई बार सुरक्षाबलों की घेराबंदी से निकला
लतीफ इससे पहले भी कई बार सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बचकर निकल चुका था। जुलाई 2026 में शोपियां में हुई एक मुठभेड़ के दौरान उसका कथित हैंडलर और लश्कर कमांडर जाकिर अहमद गनई मारा गया था, लेकिन लतीफ वहां से भागने में सफल रहा था।
इसके बाद 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में उसके साथी उमर निसार डार को मार गिराया गया। इस दौरान भी लतीफ सुरक्षाबलों के हाथ नहीं आया था।
16 नवंबर की मुठभेड़ के बाद लतीफ के घायल होने की बात सामने आई थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी अभियान के दौरान लतीफ एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ मिला।
सुरक्षाबलों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया और बाहर आकर सरेंडर करने की अपील की। हालांकि, उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की और मुठभेड़ में लतीफ अहमद भट को मार गिराया गया।