कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े लतीफ भट के मारे जाने के बाद घाटी में अब एक भी लोकल टेररिस्ट नहीं बचा है। केंद्र सरकार के मुताबिक 2021 तक घाटी में 50-60 लोकल टेररिस्ट सक्रिय थे, जिनकी संख्या 2025 तक घटकर 17 रह गई थी। अब लतीफ के मारे जाने के बाद यह संख्या शून्य हो गई है। हालांकि, घाटी में करीब 40 विदेशी आतंकी अभी भी सक्रिय बताए जा रहे हैं।
Knews Desk – कुलगाम जिले के जंगलगाम गांव में बुधवार को सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन के दौरान लतीफ भट को मार गिराया। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम था। अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को उसके साथी उमर निसार डार के मारे जाने के बाद लतीफ की घेराबंदी की गई थी।
सुरक्षाबलों ने लतीफ को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने आत्मसमर्पण से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी करने आया था।
बढ़ई का काम करता था लतीफ, बाद में लश्कर में हुआ शामिल
23 वर्षीय लतीफ कुलगाम जिले के ख्रेवान गांव का रहने वाला था। लश्कर-ए-तैयबा में शामिल होने से पहले वह बढ़ई का काम करता था। 2025 में उसके परिवार ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ घाटी में लश्कर के लिए टारगेट किलिंग से जुड़ी गतिविधियों में शामिल था। हाल ही में छत्तीसगढ़ के मजदूरों की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था। बताया गया कि वह कई बार सुरक्षा बलों की घेराबंदी से बचकर निकल चुका था।
क्या जम्मू-कश्मीर आतंक मुक्त हो गया?
लतीफ के मारे जाने के बाद घाटी में लोकल टेररिस्टों की संख्या अब शून्य हो गई है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पूरी तरह खत्म हो गया है।
स्रोत के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में करीब 40 विदेशी आतंकी अभी भी सक्रिय हैं। इनमें से अधिकांश पाकिस्तान से जुड़े बताए गए हैं और सभी दक्षिण कश्मीर में सक्रिय हैं। इनके खिलाफ सुरक्षाबलों के ऑपरेशन लगातार जारी हैं।
2021 में 50-60 से अब संख्या शून्य
केंद्र सरकार ने संसद में बताया था कि 2021 तक घाटी में 50-60 लोकल टेररिस्ट थे। 2025 तक यह संख्या घटकर सिर्फ 17 रह गई। लतीफ भट के मारे जाने के बाद अब घाटी में एक भी लोकल टेररिस्ट नहीं बचा है।
इस बदलाव के पीछे सुरक्षा अभियानों, आतंकियों की ट्रैकिंग, टेरर फंडिंग पर कार्रवाई और स्थानीय स्तर पर आतंकवादी संगठनों की भर्ती रोकने को अहम कारण बताया गया है।
2020 और 2021 में कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकियों की गतिविधियों को ट्रैक करने पर ज्यादा फोकस किया। इस दौरान घाटी में आतंकी घटनाओं में कमी आई और सुरक्षा एजेंसियों के लिए आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखना आसान हुआ।
NIA की बढ़ी ताकत से टेरर फंडिंग पर शिकंजा
2019 में सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA की शक्तियों में बढ़ोतरी की। इसके बाद एजेंसी ने घाटी में टेरर फंडिंग, ड्रग्स नेटवर्क और आतंकवाद से जुड़े वित्तीय नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की।
स्रोत के मुताबिक, NIA की कार्रवाई से आतंकियों के लिए फंडिंग के नेटवर्क पर दबाव बढ़ा और स्थानीय आतंकी गतिविधियों को समर्थन देने वाले नेटवर्क को कमजोर किया गया।
लोकल युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती रोकना भी सुरक्षा रणनीति का अहम हिस्सा रहा। स्रोत के मुताबिक, कार्रवाई बढ़ने के बाद स्थानीय युवाओं के आतंकी संगठनों में शामिल होने की संख्या में बड़ी गिरावट आई।
2025 में आतंकी संगठनों के भर्ती अभियान में 94 प्रतिशत की कमी बताई गई। सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई और आतंकियों के नेटवर्क पर बढ़ते दबाव के बीच अब घाटी में लोकल टेररिस्टों की संख्या शून्य तक पहुंच गई है।