‘रामायण’ देखने जाएंगे तो नहीं मिलेगा नॉन-वेज खाना, पश्चिम बंगाल के 30 मल्टीप्लेक्स में बड़ा फैसला

knews desk – रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने भारतीय सिनेमा की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसी बीच पश्चिम बंगाल में SVF सिनेमा ने फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब ‘रामायण’ की स्क्रीनिंग के दौरान मल्टीप्लेक्स के ऑडिटोरियम के अंदर दर्शकों को नॉन-वेज डिश नहीं परोसी जाएगी।

30 मल्टीप्लेक्स में लागू होगा फैसला

पश्चिम बंगाल में SVF के 30 लोकेशंस पर मल्टीप्लेक्स हैं। ‘रामायण’ की स्क्रीनिंग के लिए सभी 30 मल्टीप्लेक्स में यह फैसला लागू किया गया है। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, मल्टीप्लेक्स के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह फैसला उस हिंदू महाकाव्य के प्रति लोगों की श्रद्धा के सम्मान में लिया गया है, जिस पर फिल्म आधारित है।

प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि यह नियम सिर्फ ‘रामायण’ फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान लागू रहेगा। बाकी फिल्मों के लिए फूड और बेवरेज की सेवाएं पहले की तरह ही चलती रहेंगी।

ऑडिटोरियम के अंदर नहीं मिलेगा नॉन-वेज

मल्टीप्लेक्स चेन के मालिक ने बताया कि उनका फूड और बेवरेज मेन्यू पहले की तरह ही रहेगा, जिसमें नॉन-वेज भी शामिल है। हालांकि, ‘रामायण’ की स्क्रीनिंग के दौरान ऑडिटोरियम के अंदर नॉन-वेज खाना नहीं परोसा जाएगा। नॉन-वेज समेत अन्य फूड आइटम ऑडिटोरियम के बाहर मौजूद काउंटर्स पर उपलब्ध रहेंगे।

मल्टीप्लेक्स की ओर से कहा गया कि कुछ फिल्में सिर्फ सिनेमा नहीं होतीं, बल्कि उससे बढ़कर होती हैं। बयान में कहा गया कि जब फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान हनुमान चालीसा चलती है तो ऑडिटोरियम एक मंदिर की तरह महसूस होने लगता है।

‘महावतार नरसिम्हा’ और ‘हनुमान अंश’ का भी दिया उदाहरण

मल्टीप्लेक्स के मालिक ने साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान कई दर्शकों ने अपने जूते-चप्पल ऑडिटोरियम के बाहर ही उतार दिए थे।

उन्होंने इसी साल आई फिल्म ‘हनुमान अंश’ का भी उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों ने सिर्फ वेज खाना परोसने का अनुरोध किया था।

इन्हीं अनुभवों को देखते हुए अब ‘रामायण’ को लेकर यह फैसला लिया गया है। पश्चिम बंगाल में SVF के 30 मल्टीप्लेक्स में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान ऑडिटोरियम के अंदर दर्शकों को सिर्फ वेज खाना ही सर्व किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *