तनिष्क लूट में बड़ा खुलासा, यूट्यूबर निशांत की निशानदेही पर पहाड़ी से मिला 6.4 किलो सोना

मदुरै में तनिष्क शोरूम से हुई करोड़ों रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने अब तक 11.9 किलो सोने के आभूषण बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी यूट्यूबर निशांत की निशानदेही पर पहाड़ी इलाके से 6.4 किलो सोना मिला है, जबकि उसकी महिला सहयोगी के पास से पहले ही 5.5 किलो सोना बरामद किया जा चुका है।

Knews Desk – पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी निशांत ने चोरी किए गए सोने के आभूषण छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मुनियांडीपुरम के गोपालिपुरम पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान चलाया। यहां से 6.4 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।

इससे पहले मामले में गिरफ्तार निशांत की सहयोगी और सह-आरोपी मीनाक्षी के पास से 5.5 किलोग्राम सोना बरामद हुआ था। इस तरह पुलिस अब तक कुल 11.9 किलो सोने के आभूषण बरामद कर चुकी है।

12 नवंबर को तनिष्क शोरूम में हुई थी लूट

मदुरै बाईपास रोड स्थित तनिष्क शोरूम में 12 नवंबर की तड़के लूट की वारदात हुई थी। बदमाशों ने शोरूम को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी निशांत को धर्मपुरी जिले के सीसमपट्टी इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे मदुरै लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ के बाद निशांत का सरकारी राजाजी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद नियंत्रण कक्ष इकाई में उसके बायोमेट्रिक विवरण दर्ज किए गए।

16 नवंबर को आरोपी को मदुरै जिला की 5वीं न्यायिक मजिस्ट्रेट लक्ष्मी प्रिया की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बरामद सोने के आभूषण भी अदालत के सामने पेश किए। अदालत ने निशांत को 1 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

फिलहाल आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच मदुरै केंद्रीय कारागार में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *