भारत ने स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत के पहले स्वदेशी यूनिवर्सल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम ‘सूर्यास्त्र’ ने 300 किलोमीटर तक लक्ष्य भेदने की क्षमता का सफल परीक्षण किया है। ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज में हुए परीक्षणों के दौरान सिस्टम ने 30, 50, 150 और 300 किलोमीटर की अलग-अलग दूरी पर लक्ष्य भेदने की क्षमता दिखाई।
Knews Desk – सूर्यास्त्र के परीक्षण के दौरान इसकी सटीकता 5 मीटर से भी कम रही। यानी लंबी दूरी पर भी यह सिस्टम बेहद सटीक तरीके से लक्ष्य को निशाना बनाने में सक्षम है।
इस परीक्षण को भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक और लंबी दूरी की रॉकेट आर्टिलरी क्षमता के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
एक लॉन्चर से अलग-अलग कैलिबर के रॉकेट
सूर्यास्त्र की सबसे बड़ी खासियत इसका मल्टी-कैलिबर लॉन्चर सिस्टम है। एक ही लॉन्चर से 122 एमएम, 160 एमएम और 306 एमएम के रॉकेट दागे जा सकते हैं।
इस क्षमता से सेना को अलग-अलग मिशन के लिए कई तरह के लॉन्चर रखने की जरूरत कम हो सकती है। एक ही सिस्टम को अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकेगा।
सूर्यास्त्र सिस्टम को BEML के हाई मोबिलिटी व्हीकल जैसे प्लेटफॉर्म पर लगाया जा सकता है। इसकी मदद से सेना तेजी से रॉकेट दागने के बाद अपनी जगह बदल सकती है।
इसी क्षमता को ‘शूट एंड स्कूट’ तकनीक कहा जाता है। इसका मकसद रॉकेट फायर करने के बाद लॉन्चिंग पोजिशन बदलकर दुश्मन की जवाबी कार्रवाई से बचने में मदद करना है।
इजरायली कंपनी के साथ तकनीकी समझौता
सूर्यास्त्र को विकसित करने के लिए स्वदेशी कंपनी निबे लिमिटेड ने जुलाई 2025 में इजरायल की कंपनी एल्बिट सिस्टम्स के साथ तकनीकी समझौता किया था। इसके तहत एल्बिट के PULS रॉकेट लॉन्चर सिस्टम की तकनीक को भारतीय जरूरतों के मुताबिक तैयार किया गया है।
इससे पहले जनवरी 2026 में भारतीय सेना ने निबे लिमिटेड को 293 करोड़ रुपये का ऑर्डर दिया था। सिस्टम के सेना में शामिल होने से भारतीय सेना की लंबी दूरी तक सटीक हमला करने की क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सूर्यास्त्र का सफल परीक्षण भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे स्वदेशी रॉकेट आर्टिलरी क्षमता मजबूत होने के साथ भविष्य में भारतीय रक्षा निर्यात के लिए भी नए अवसर खुल सकते हैं।