UP Voter List: यूपी में SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 18.84 लाख वोटर बढ़े

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा के मुताबिक, पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में प्रदेश में 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। अब यूपी में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है।

ड्राफ्ट सूची के अनुसार, प्रदेश में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला और 4,042 तीसरे लिंग के मतदाता हैं। 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इसके मुकाबले पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 और महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 की बढ़ोतरी हुई है।

युवा मतदाताओं की संख्या घटी

ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 साल के 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता दर्ज हैं, जबकि पिछली सूची में यह संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी। यानी इस आयु वर्ग में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी हुई है। सीईओ के मुताबिक, इसकी वजह यह है कि 19 साल के मतदाता अब 20 साल के हो गए हैं। SSR के दौरान नए युवा मतदाता जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़ सकती है।

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा-आपत्ति

ड्राफ्ट सूची पर दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। 28 दिसंबर तक इनका निस्तारण होगा और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। नए नाम के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और सुधार या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

मतदाता अपना नाम ऑनलाइन voters.eci.gov.in, ceouttarpradesh.nic.in या ECINET ऐप के जरिए भी चेक कर सकते हैं। पात्र नागरिकों के लिए 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *