भारत का अगला फाइटर जेट कौन बनाएगा? टाटा, L&T और भारत फोर्ज में मुकाबला, एक महीने में फैसला

KNEWS DESK- AMCA प्रोजेक्ट के लिए विजेता कंपनी के नाम का ऐलान अगले एक महीने में होने की उम्मीद है। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स, L&T के नेतृत्व वाला समूह और भारत फोर्ज का कंसोर्टियम रेस में हैं। विजेता के चयन के बाद लड़ाकू विमान के प्रोटोटाइप निर्माण का रास्ता साफ होगा।

भारत के नेक्स्ट जनरेशन फाइटर जेट यानी एडवांस्ड मल्टीरोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) को बनाने की जिम्मेदारी किस कंपनी को मिलेगी, इसका फैसला जल्द होने वाला है। रक्षा मंत्रालय इस हाई-प्रोफाइल प्रोजेक्ट के लिए विजेता कंपनी के नाम का ऐलान अगले एक महीने में कर सकता है। इसके साथ ही देश में विकसित किए जा रहे इस अत्याधुनिक लड़ाकू विमान के प्रोटोटाइप निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

रेस में तीन बड़े दावेदार

AMCA बनाने की जिम्मेदारी हासिल करने की रेस अब तीन प्रमुख दावेदारों तक पहुंच गई है। इनमें टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL), लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के नेतृत्व वाला समूह और भारत फोर्ज का कंसोर्टियम शामिल है। तीनों कंपनियों की ओर से तकनीकी और कमर्शियल प्रस्ताव सरकार को सौंपे जा चुके हैं। रक्षा मंत्रालय के विशेषज्ञ इन प्रस्तावों का मूल्यांकन कर रहे हैं। फैसला तकनीकी मानकों के साथ कंपनियों की वित्तीय बोलियों के आधार पर किया जाएगा।

रक्षा सचिव आरके सिंह ने एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट में इस प्रोजेक्ट की समयसीमा को लेकर जानकारी दी। उनके मुताबिक करीब एक महीने के भीतर विजेता कंपनी के नाम की घोषणा होने की उम्मीद है। इसके बाद चयनित कंपनी AMCA के प्रोटोटाइप को तैयार करने की दिशा में काम शुरू करेगी।

टाटा को क्यों माना जा रहा मजबूत दावेदार?

तीनों कंपनियों के बीच मुकाबले में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसकी एक वजह यह भी बताई जा रही है कि भारतीय वायुसेना के लिए राफेल लड़ाकू विमानों के नए ऑर्डर के निर्माण से जुड़े प्रोग्राम की अगुवाई भी टाटा करने वाली है। हालांकि अंतिम फैसला केवल किसी एक कंपनी की पिछली उपलब्धियों के आधार पर नहीं होगा। सरकार तकनीकी क्षमता और वित्तीय बोली समेत विभिन्न मानकों का मूल्यांकन करने के बाद विजेता का चयन करेगी।

AMCA के इंजन पर भी बढ़ा मुकाबला

AMCA के एयरफ्रेम के साथ उसके इंजन को लेकर भी महत्वपूर्ण गतिविधियां चल रही हैं। रक्षा सचिव आरके सिंह के मुताबिक इंजन के विकास से जुड़े अगले कदमों पर चर्चा के लिए अगले महीने बेंगलुरु में एक विशेष वर्कशॉप आयोजित करने की योजना है। अब तक AMCA के लिए नया जेट इंजन विकसित करने की योजना में फ्रांस की कंपनी सफरान के साथ सहयोग पर चर्चा होती रही है। वहीं, मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने ब्रिटेन की रोल्स रॉयस के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी ने भी फाइटर जेट इंजन विकसित करने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।

LCA Mk1a की भी जल्द हो सकती है एंट्री

इसी दौरान भारतीय वायुसेना के मौजूदा लड़ाकू विमान बेड़े को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बताया कि भारतीय वायुसेना इसी चालू वित्त वर्ष में स्वदेशी LCA Mk1a लड़ाकू विमान को अपनी सेवा में शामिल कर सकती है।

इससे संकेत मिलता है कि विमान से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने की दिशा में काम किया जा रहा है। एक तरफ LCA Mk1a को वायुसेना में शामिल करने की तैयारी और दूसरी तरफ AMCA प्रोजेक्ट में तेजी, दोनों कदम आने वाले समय में भारतीय वायुसेना की क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *