अमिताभ बच्चन पर गोलीबारी की साजिश नाकाम, 2 शूटर्स गिरफ्तार, कथित सिख विरोधी बयान से जुड़ा एंगल

knews desk – बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी की कथित साजिश को दिल्ली पुलिस ने नाकाम कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो शूटर्स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमिताभ बच्चन को 1984 के सिख दंगों से जुड़े एक कथित बयान को लेकर निशाना बनाने की तैयारी थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही इस तरह के बयान देने से इनकार कर चुके हैं।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी विकास ठाकुर दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए गोलीबारी करने आया था। वहीं दूसरा आरोपी दीपक सिंह पहले से ही 3 अक्टूबर को अमृतसर में हुए इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर यह जानकारी सामने आई कि विदेश में बैठे एक गैंगस्टर ने दीपक को मुंबई में रुकने के लिए कहा था। आरोप है कि उसे अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा के बाहर फायरिंग करनी थी। इस साजिश का खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब हाल के दिनों में अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की दो बार धमकी मिल चुकी है।

मुंबई के मेयर कार्यालय को पहली बार 23 अक्टूबर को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को निशाना बनाने की बात कही गई थी और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र था। इसके बाद 6 नवंबर को दोबारा इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला। धमकियों के बाद अमिताभ बच्चन के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। उनके हर रविवार होने वाले संडे दर्शन के दौरान भी उन्हें बुलेटप्रूफ शील्ड के पीछे खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन करते देखा गया।

इन धमकियों में बॉलीवुड सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी। धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि दिलजीत दोसांझ ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा। ईमेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले की धमकी का भी जिक्र था।

अमिताभ बच्चन और 1984 के सिख दंगों से जुड़े कथित बयान को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद अमिताभ बच्चन ने दिल्ली में एम्स अस्पताल के बाहर भीड़ को उकसाया था। आरोप में यह भी दावा किया गया था कि उन्होंने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान ‘खून का बदला खून’ और ‘खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए’ जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस तरह के प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो सामने नहीं आया है।

अक्टूबर 2014 में ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ ने इस कथित बयान को लेकर लॉस एंजिल्स की एक अदालत में अमिताभ बच्चन के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। अमिताभ बच्चन ने इन आरोपों का खंडन किया था। 1984 के दंगों की जांच करने वाली भारतीय एजेंसियों ने भी इस मामले से जुड़े किसी केस में अमिताभ बच्चन को आरोपी नहीं बनाया।

अमिताभ बच्चन के खिलाफ फायरिंग की कथित साजिश और लगातार मिल रही धमकियों के बीच मुंबई में फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस की सतर्कता बढ़ी है। इससे पहले सलमान खान और रोहित शेट्टी के बाद 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, जबकि उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है।

इन घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस ने फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर नए इंतजाम किए हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने दो ए-लिस्ट सेलेब्रिटीज की सुरक्षा बढ़ाकर Y-प्लस कैटेगरी कर दी है। हालांकि, इन दोनों सेलेब्रिटीज के नाम सामने नहीं आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *