यूपी चुनाव में कांग्रेस का बड़ा दावा, 181 सीटों की सूची के साथ सपा से करेगी बातचीत

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने गठबंधन के तहत सीट बंटवारे की तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को यूपी चुनाव को लेकर अपने आवास पर अहम बैठक बुलाई है। बैठक में राहुल गांधी के साथ यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग की रणनीति पर चर्चा होगी।

कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का पहला दौर 17 नवंबर को होने की संभावना है। दिल्ली में कांग्रेस की आंतरिक बैठक के बाद पार्टी सपा के साथ सीटों को लेकर चर्चा करेगी। दोनों दलों के वरिष्ठ नेता सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर मंथन करेंगे, जिसके बाद शीर्ष नेतृत्व की ओर से अंतिम ऐलान किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने करीब 181 संभावित सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है। इसमें सहारनपुर से लेकर अमेठी-रायबरेली और लखनऊ-वाराणसी तक की सीटों पर पार्टी ने फोकस किया है। कांग्रेस की सूची में सहारनपुर की गंगोह, नकुड़, बेहट और देहात सीटें शामिल हैं। रायबरेली में बछरावां, सरेनी, ऊंचाहार, सलोन और सदर, जबकि अमेठी में तिलोई, गौरीगंज और जगदीशपुर पर पार्टी की नजर है।

इसके अलावा सीतापुर, प्रयागराज, बाराबंकी, वाराणसी, लखनऊ, आगरा, कानपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, उन्नाव, हरदोई, बदायूं, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर की कई सीटें भी सूची में शामिल हैं।

कांग्रेस की रणनीति के मुताबिक, जिन जिलों में पार्टी के सांसद हैं, वहां कम से कम तीन सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। कुछ जिलों में दो और बाकी जिलों में कम से कम एक सीट पर दावा रखने की रणनीति बनाई गई है। 17 नवंबर से होने वाली बातचीत में इन्हीं संभावित सीटों पर सपा के साथ मंथन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *