knews desk – करण जौहर के पॉपुलर टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 9 की शुरुआत 14 अक्टूबर 2026 को हुई थी। यह शो जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहा है। अब तक सीजन के कुल 5 एपिसोड रिलीज हो चुके हैं और हर बुधवार को नया एपिसोड स्ट्रीम किया जा रहा है। इसी बीच समय रैना की शो में एंट्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
दरअसल, समय रैना ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘कॉफी विद करण’ के पोस्टर की एक तस्वीर शेयर की। हालांकि, उन्होंने इस पोस्ट के साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा। इसके बावजूद उनकी इस इंस्टाग्राम स्टोरी के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि क्या समय रैना जल्द ही करण जौहर के शो में नजर आने वाले हैं।
अभी तक न तो समय रैना और न ही ‘कॉफी विद करण’ के मेकर्स ने उनके शो में आने की आधिकारिक पुष्टि की है। हालांकि, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कई अकाउंट्स की ओर से दावा किया जा रहा है कि समय रैना अपनी गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस मेधा शंकर के साथ शो के काउच पर नजर आ सकते हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों का एपिसोड इस सीजन के सेकंड लास्ट एपिसोड के तौर पर प्रसारित हो सकता है।
समय रैना की शो में एंट्री की चर्चा पहले भी तब तेज हुई थी, जब हाल ही में करण जौहर के शो में वरुण धवन, जान्हवी कपूर और अर्जुन कपूर बतौर गेस्ट पहुंचे थे। रैपिड फायर राउंड के दौरान वरुण धवन ने समय रैना को कॉल किया था। बातचीत के दौरान समय ने बताया था कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ हैं। इस बातचीत को सुन रहे करण जौहर ने समय को याद दिलाया था कि वह ‘कॉफी विद करण’ में हैं।

वरुण धवन और समय रैना की इस बातचीत ने दर्शकों के बीच पहले ही उत्सुकता बढ़ा दी थी कि क्या समय कभी करण जौहर के शो में बतौर गेस्ट दिखाई देंगे। अब उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि, मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा होने तक इसे केवल अटकलें ही माना जा रहा है।
बता दें कि ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 के पहले एपिसोड में सलमान खान और करिश्मा कपूर नजर आए थे। दूसरे एपिसोड में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना शामिल हुए थे। तीसरे एपिसोड में वरुण धवन, जान्हवी कपूर और अर्जुन कपूर पहुंचे थे। चौथे एपिसोड में सैफ अली खान और करीना कपूर खान की जोड़ी दिखाई दी थी। वहीं, 11 नवंबर को रिलीज हुए पांचवें एपिसोड में सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी बतौर मेहमान नजर आए।