महादेव ऐप पर CBI का शिकंजा कसता कार्रवाई, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापे

महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था।

Knews Desk – CBI ने पिछले कुछ दिनों में अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर समेत कई शहरों में तलाशी ली। ये छापे महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े ‘पैनल ऑपरेटरों’ के ठिकानों पर मारे गए।

CBI के मुताबिक, कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में से एक सौरभ चंद्राकर के ओमान से प्रत्यर्पण के बाद पूछताछ में सामने आई जानकारी और खुलासों के आधार पर की गई।

लाइव सट्टेबाजी के पैनल मिले, डिजिटल डिवाइस जब्त

छापेमारी के दौरान लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए पाए गए, जिन्हें बंद कर दिया गया। जांच के दौरान डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इन दस्तावेजों से ‘म्यूल अकाउंट्स’ यानी दूसरों के नाम पर खोले गए बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है।

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को CBI ने गिरफ्तार किया था। रायपुर के विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) ने उसे आठ दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा था।

पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने जांच एजेंसी को बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक प्लेटफॉर्म किस तरह काम करता है और भारत में इसके ‘पैनल ऑपरेटरों’ का नेटवर्क किस तरह फैला हुआ है। जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों के आधार पर भी उससे पूछताछ की गई।

CBI ने दर्ज की दो FIR

छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मामला मिलने के बाद CBI ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले में दो FIR दर्ज की हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश में स्थित एक ‘हेड ऑफिस’ के जरिए संचालित किया जा रहा था और भारत में ‘पैनल ऑपरेटरों’ के बड़े नेटवर्क के जरिए काम करता था।

जांच के मुताबिक, ये ऑपरेटर ग्राहकों की ID संभालते थे। सट्टेबाजी से मिलने वाला पैसा ऐसे बैंक खातों में जमा किया जाता था, जो दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए थे। इसके बाद हवाला के जरिए मुनाफा विदेश भेजे जाने की बात सामने आई है।

अन्य आरोपियों और अधिकारियों की भूमिका की जांच

पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद 12 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को रायपुर के विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) के सामने पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

CBI अब मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। इसमें विदेश में बैठे लोग, इस नेटवर्क की मदद करने वाले व्यक्ति और इसमें शामिल सरकारी अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी चल रही है।

जांच एजेंसी ने आम जनता को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलना गैर-कानूनी है। ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को उधार देना या किराए पर देना भी आपराधिक अपराध है। ऐसा करने पर खाताधारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *