कनाडा भेजने का झांसा देकर मानव तस्करी का आरोप, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर NIA ने दबोचा मुख्य आरोपी

श्रीलंका मानव तस्करी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी को बड़ी कामयाबी मिली है। इंटरपोल रेड नोटिस के बाद श्रीलंका से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचे मुख्य आरोपी पुडुमदम इमरान को NIA ने बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी लोगों को सही कागजात के साथ कनाडा भेजने का झांसा देता था और इसके लिए पीड़ितों के परिवार और रिश्तेदारों से मोटी रकम वसूलता था।

Knews Desk – NIA ने बताया कि पुडुमदम इमरान काफी समय से गिरफ्तारी से बचकर फरार चल रहा था। NIA के अनुरोध पर उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद श्रीलंका के अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया और भारत डिपोर्ट कर दिया। 13 नवंबर को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही पहले से मुस्तैद NIA की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एजेंसी अब आरोपी से पूछताछ कर इस अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

कनाडा भेजने का झांसा देने का आरोप

NIA की जांच के मुताबिक, इमरान श्रीलंका से लोगों की अवैध तस्करी करने की साजिश में शामिल था। आरोप है कि उसने लोगों को सही कागजात के साथ कनाडा भेजने का झूठा वादा किया था। यात्रा का इंतजाम करने के नाम पर उसने पीड़ितों के परिवार और रिश्तेदारों से मोटी रकम भी वसूली थी।

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने लोगों की तस्करी करने और उन्हें कैद में रखने के लिए हवाला के जरिए भारत में मौजूद अपने साथियों को पैसे भी भेजे थे।

मंगलुरु में छापेमारी के बाद खुला मामला

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब स्थानीय पुलिस को पक्की खबर मिलने के बाद मंगलुरु के कुछ ठिकानों पर छापेमारी की गई। वहां पुलिस को बिना सही कागजात के रह रहे कई श्रीलंकाई नागरिक मिले।

इसके बाद पुलिस ने आईपीसी, विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट कानून की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसी मामले में जांच आगे बढ़ने के बाद पुडुमदम इमरान NIA के निशाने पर आया और उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया।

इमरान की गिरफ्तारी के बाद NIA अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि मानव तस्करी के इस नेटवर्क में विदेश और भारत में मौजूद अन्य आरोपी किस तरह जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *