IIT खड़गपुर को मेडिकल PG कोर्स शुरू करने की मंजूरी, NEET PG से मिलेगा दाखिला

IIT खड़गपुर अब मेडिकल पोस्टग्रेजुएट यानी PG की पढ़ाई भी कराएगा। संस्थान के मेडिकल PG प्रोग्राम को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही IIT खड़गपुर देश का पहला इंजीनियरिंग संस्थान बन गया है, जिसे मेडिकल PG कोर्स शुरू करने की मंजूरी मिली है। एडमिशन NEET PG स्कोर के आधार पर होगा।

मार्च 2026 में भेजा गया था प्रस्ताव

IIT खड़गपुर ने मेडिकल PG प्रोग्राम शुरू करने के लिए मार्च 2026 में प्रस्ताव तैयार कर स्वास्थ्य मंत्रालय और NMC को भेजा था। करीब छह महीने तक मंजूरी का इंतजार करने के बाद नवंबर में संस्थान को मेडिकल PG प्रोग्राम शुरू करने की अनुमति मिल गई। हालांकि एडमिशन इसी सत्र से शुरू होगा या अगले सत्र से, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

20 सीटों से शुरू हो सकता है MD कोर्स

जानकारी के मुताबिक IIT खड़गपुर पोस्टग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन यानी MD कोर्स की शुरुआत 20 सीटों के साथ कर सकता है। संस्थान ने इसी क्षमता के साथ प्रस्ताव भेजा था। IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने पहले बताया था कि मेडिकल PG प्रोग्राम को लेकर मंजूरी की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।

20 डॉक्टरों की नियुक्ति

मेडिकल PG प्रोग्राम के लिए IIT खड़गपुर पहले ही 20 डॉक्टरों को फैकल्टी के तौर पर नियुक्त कर चुका है। इससे पहले 23 सितंबर 2025 को संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सामने इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा गया था। इसके बाद प्रस्ताव स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजा गया था।

इन अस्पतालों में होगी मेडिकल ट्रेनिंग

मेडिकल PG में एडमिशन लेने वाले छात्रों को डॉ. बीसी रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में ट्रेनिंग दी जाएगी। IIT खड़गपुर की योजना श्यामा प्रसाद अस्पताल का विस्तार करने की भी है। इसे 220 बेड वाले मिशन-मोड IPD अस्पताल में बदला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *