आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई अभी बाकी, फारूक अब्दुल्ला बोले- अगला हमला कहां होगा किसी को नहीं पता

जम्मू-कश्मीर में एक ही दिन हुए दो आतंकी हमलों के बाद पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आतंकवाद अभी खत्म नहीं हुआ है और स्थायी शांति के लिए इसके खिलाफ गंभीर प्रयास जरूरी हैं।

Knews Desk – जम्मू-कश्मीर में एक ही दिन हुए दो आतंकी हमलों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र शासित प्रदेश में स्थायी शांति कायम करनी है तो आतंकवाद के खात्मे के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे।

किश्तवाड़ में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि ऐसी घटनाएं अभी भी हो रही हैं और किसी को नहीं पता कि अगला हमला कहां हो जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में किसी को भी आतंकवाद को लेकर किसी तरह की गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए।

फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि जो लोग यह समझते हैं कि आतंकवाद के जरिए कश्मीर को हासिल कर लेंगे, उन्हें इस गलतफहमी से बाहर निकल जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद कभी कामयाब नहीं होगा। साथ ही उन्होंने उन दावों पर भी सवाल उठाया, जिनमें दिल्ली में बैठे कुछ लोग रोजाना आतंकवाद खत्म होने की बात करते हैं। फारूक ने कहा कि आतंकवाद अभी भी मौजूद है और इसे खत्म करने के लिए नए रास्ते तलाशने होंगे।

जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद आतंकवाद खत्म होने के दावों पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यह सच है कि आतंकवाद अभी भी मौजूद है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कश्मीर हिंदुस्तान का हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि कोई कुछ भी कर ले, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।

सोनिया गांधी की किताब को लेकर पूछे गए सवाल पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने अभी तक किताब नहीं पढ़ी है। उन्होंने कहा कि किताब एक-दो दिन पहले ही सामने आई है और बिना पढ़े वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

बारामूला में दिए गए अपने बयान पर सफाई देते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि बारामूला में वह लोगों को कबायलियों के हमले के दौरान हुए अत्याचारों की याद दिला रहे थे। उनके मुताबिक उस समय लोगों पर जुल्म हुए, उनके गहने छीने गए और महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया गया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास की जानकारी होनी चाहिए और माता-पिता को अपने बच्चों को यह इतिहास बताना चाहिए।

पाकिस्तान के साथ रिश्तों को लेकर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान हर मंच पर अपनी बात रखता है तो इसमें गलत क्या है कि भारत भी अपना पक्ष रखे। उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद का रास्ता छोड़ने की नसीहत दी।

उन्होंने कहा कि अब तक जो होना था, वह हो चुका है और युद्ध से किसी समस्या का समाधान नहीं निकलता। ईरान-अमेरिका तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया ने देख लिया है कि लड़ाई से मसले हल नहीं होते। आखिरकार बातचीत के जरिए ही रास्ते तलाशने पड़ते हैं।

फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद का रास्ता बंद करना चाहिए। आतंकवाद से कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने दोनों देशों के बीच बातचीत की जरूरत बताते हुए कहा कि बातचीत के जरिए ही किसी समाधान तक पहुंचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *