नैनीताल के रामनगर में छोई निवासी विमला देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने सेना के जवान मोहित फर्त्याल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब तीन साल पुरानी रंजिश थी और मुख्य आरोपी ने मृतका के दोनों बेटों को भी मारने की योजना बनाई थी।
Knews Desk – उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में छोई निवासी विमला देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में कार्यरत जवान भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने महिला की हत्या के बाद उसके दोनों बेटों को भी मारने की योजना बनाई थी।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री, डीजीपी और आईजी के निर्देशों के क्रम में महिला अपराधों के मामलों में पुलिस सख्त और त्वरित कार्रवाई कर रही है। घटना की सूचना 112 के माध्यम से मिलने के बाद रामनगर पुलिस, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल और कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार मौके पर पहुंचे थे।
शव पर मिले थे गंभीर चोटों के निशान
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर महिला का शव मिला था। उसके शरीर और सिर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। मृतका की पहचान छोई निवासी करीब 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाफ सिंह बिष्ट के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने मैनुअल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज में तीनों आरोपी महिला को जीवित अवस्था में अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह सामने आई है। मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, इसी घटना को लेकर मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति रंजिश थी। आरोप है कि वह छुट्टियों में घर आने पर परिवार को परेशान करता था और गाली-गलौज भी करता था।
महिला को गाड़ी में ले जाकर की गई हत्या
पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते मोहित ने विमला देवी और उनके दोनों बेटों की हत्या की योजना बनाई और दो अन्य युवकों को अपने साथ शामिल किया। तीनों ने कथित तौर पर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे गाड़ी में डालकर धापला पुल की ओर ले गए। एसएसपी के मुताबिक, महिला को पानी में डुबोया गया और उसके बाद भी उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद शव को वापस लाकर महिला के घर के पास फेंक दिया गया।
एसएसपी के मुताबिक, मुख्य आरोपी की योजना विमला देवी की हत्या तक सीमित नहीं थी। पुलिस का कहना है कि वह महिला के दोनों बेटों की हत्या करने के इरादे से भी आगे बढ़ा था। हालांकि, पुलिस टीमों की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से एक और संभावित वारदात को होने से रोक दिया गया।
सेना के जवान समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सेना में जवान मोहित फर्त्याल पुत्र स्वर्गीय गोविंद सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल बताया गया है।
दूसरा आरोपी सैरान पुत्र मुरसलीन, उम्र 21 वर्ष, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल है। तीसरा आरोपी मो. अब्बूजर पुत्र मो. विलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी खताड़ी, थाना रामनगर है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी, लोहे की पान, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।