Knews Desk – रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण: पार्ट 1’ दुनियाभर में शानदार कमाई कर रही है। अब फिल्म इंडोनेशिया के सिनेमाघरों में भी पहुंच गई है। ओपनिंग डे पर दोपहर 2:30 बजे तक जकार्ता टाइम के मुताबिक फिल्म के करीब 17 हजार टिकटों की बुकिंग हो चुकी थी। ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म इंडोनेशिया के मार्केट में भी अच्छा बिजनेस कर सकती है।
इंडोनेशिया में लंबे वक्त से शाहरुख खान की फैन फॉलोइंग काफी मजबूत रही है। उनकी फिल्मों ने वहां अच्छा बिजनेस किया है। इंडोनेशिया भले ही मुस्लिम बहुल देश है, लेकिन सांस्कृतिक रूप से इस देश का भारत से खास जुड़ाव रहा है। ‘रामायण’ का भी इंडोनेशिया के लोगों पर गहरा प्रभाव रहा है। ऐसे में फिल्म के बिजनेस पर इस सांस्कृतिक जुड़ाव का असर देखने को मिल सकता है।
इंडोनेशिया में ‘रामायण’ की रिलीज को लेकर Bicara Box Office ने जानकारी शेयर की है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को इंडोनेशिया में बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया है। फिल्म वहां 1000 से ज्यादा शोज के साथ रिलीज हुई है। यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि शाहरुख खान की ‘जवान’ के लिए वहां ओपनिंग डे पर 221 शोज और ‘पठान’ के लिए 264 शोज ही चलाए गए थे।
इंडोनेशिया और ‘रामायण’ का पुराना सांस्कृतिक कनेक्शन भी है। वहां के कलाकार ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ जैसे महाकाव्यों का मंचन लंबे समय से करते रहे हैं। मुस्लिम कलाकार भी इन किरदारों को निभाते हैं। इसके अलावा इंडोनेशिया में हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति से जुड़े कई ऐतिहासिक स्थल भी मौजूद हैं। वहां 9वीं शताब्दी में बने मशहूर बोरबुदुर बौद्ध मंदिर और प्रम्बनन हिंदू मंदिर मौजूद हैं। वहां की मुद्रा पर भगवान गणेश का चित्र भी अंकित है।
इंडोनेशिया में भारतीय फिल्मों की बात करें तो ऐतिहासिक तौर पर शाहरुख खान बेहद लोकप्रिय रहे हैं। साल 2001 में शाहरुख की ‘कुछ कुछ होता है’ वहां रिलीज हुई थी और इसे खूब पसंद किया गया था। साल 2010 में किंग खान की ‘माई नेम इज खान’ भी इंडोनेशिया में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने वहां उस वक्त 1.72 मिलियन डॉलर यानी 16 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म इंडोनेशिया में भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल है।
वहीं ‘रामायण’ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो नमित मल्होत्रा की यह फिल्म प्री-दिवाली रिलीज फिल्मों में सबसे ज्यादा बिजनेस करने वाली फिल्म रही। हालांकि बजट के हिसाब से इसकी कमाई कम मानी गई। लेकिन दिवाली के बाद फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली है। फिल्म ने दुनियाभर में 6 दिनों में 820 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। माना जा रहा है कि रविवार तक फिल्म 1000 से 1100 करोड़ रुपये तक का बिजनेस कर सकती है। भारत में फिल्म ने नेट 440.45 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।