KNEWS DESK -बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह और ऋषिकेश कुमार की शादी इन दिनों चर्चा में है। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हैं। ऋषिकेश अमेरिका में एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि शिवांगी ने दिल्ली से MBA की पढ़ाई की है।
ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह ने बताया कि यह रिश्ता परिवारों की पहल और पसंद से तय हुआ। उनके मुताबिक, लड़की पक्ष की ओर से रिश्ता आया था। परिवार ने प्रस्ताव पसंद किया और उन्होंने बिना देर किए हां कर दी। उन्होंने कहा कि यह जोड़ी भगवान ने बनाई है और अनंत सिंह से रिश्ता जुड़ना उनके परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अनंत सिंह की साफगोई, सादगी और बातचीत के अंदाज की भी तारीफ की।
अमेरिका में नौकरी करते हैं ऋषिकेश
ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार बिहटा के रहने वाले हैं और फिलहाल अमेरिका की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करते हैं। शादी के लिए वह अमेरिका से बिहार लौट चुके हैं। वहीं शिवांगी सिंह ने दिल्ली से MBA किया है। शादी के बाद उनके कुछ समय बिहटा स्थित ससुराल में रहने और फिर पति के साथ अमेरिका जाने की संभावना जताई गई है।
बहू के लिए बनवाया चार मंजिला मकान
रणविजय सिंह ने होने वाली बहू के स्वागत के लिए बिहटा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 स्थित कृष्णा नगर में करीब दो कट्ठा जमीन पर चार मंजिला मकान बनवाया है। इसी घर में शिवांगी का गृह प्रवेश कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवांगी बहू बनकर नहीं, बल्कि लक्ष्मी बनकर घर में प्रवेश करेंगी।
25 नवंबर को होगी शादी
शिवांगी और ऋषिकेश की शादी 25 नवंबर 2026 को अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में होगी। 20 नवंबर को तिलकोत्सव, 23 नवंबर को हल्दी कलश और 24 नवंबर को मेहंदी-संगीत का आयोजन होगा। 25 नवंबर को ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार भी होगा।
शादी में बड़े स्तर पर भोज और घुड़दौड़ प्रतियोगिता की भी तैयारी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, लाखों मेहमानों के शामिल होने की तैयारी है। वहीं घुड़दौड़ के विजेता को महिंद्रा थार और दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल देने की बात सामने आई है।